हवस की लत में बीवी ने पति को दी मीठी मौत, 50 दिन बाद खुला लखनऊ के इस हत्याकांड का राज

लखनऊ के गोसाईगंज में रामतीरथ हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोप है कि पत्नी ने खीर में नशे की गोलियां मिलाकर पति को बेहोश किया और भाई व चचेरे भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 August 2026, 6:58 PM IST

Lucknow News: लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में श्रमिक रामतीरथ हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 35 वर्षीय रामतीरथ की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी रामदुलारी ने अपने ही परिवार के लोगों के साथ मिलकर की थी। आरोप है कि पत्नी ने पहले खीर में नशे की छह गोलियां मिलाकर पति को बेहोश किया। इसके बाद भाई अवधेश और चचेरे भाई सरजीत के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर बाराबंकी के सतरिख इलाके में सूखी पड़ी नहर में फेंक दिया था। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

तीन जुलाई से लापता था रामतीरथ

रामतीरथ तीन जुलाई को अचानक लापता हो गया था। इसके बाद पांच जुलाई को उसका शव बाराबंकी के सतरिख क्षेत्र में सूखी नहर से बरामद हुआ था। उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी। 10 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुई शव की तस्वीर देखकर रामतीरथ के पिता दयाराम ने उसकी पहचान की। इसके बाद उन्होंने पत्नी रामदुलारी, बेटे अवधेश और भतीजे सरजीत पर हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रामतीरथ के चेहरे पर चोट के निशान मिले थे, लेकिन मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी।

पत्नी ने खीर में मिलाई थी नशे की छह गोलियां

पुलिस पूछताछ में हत्या की पूरी कहानी सामने आई। जांच में पता चला कि तीन जुलाई की रात रामदुलारी ने रामतीरथ को खीर खिलाई थी। आरोप है कि इसी खीर में नशे की छह गोलियां मिला दी गई थी। खीर खाने के बाद जब रामतीरथ बेहोशी की हालत में पहुंच गया तो अवधेश उसे सरजीत के घर लेकर गया। वहां तीनों ने मिलकर रामतीरथ पर ईंट से हमला किया और कपड़े से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पांच जुलाई की सुबह अवधेश और सरजीत ने शव को बोरे में भरा और स्कूटी से ले जाकर बाराबंकी के सतरिख इलाके में फेंक दिया।

अवैध संबंध और नशे की लत बनी विवाद की वजह

पुलिस जांच में हत्या के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने बताया कि रामदुलारी और सरजीत के बीच अवैध संबंध होने की जानकारी मिली है। वहीं, अवधेश के नशे का आदी होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इन्हीं वजहों को लेकर रामतीरथ का आरोपियों से अक्सर विवाद होता था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते तीनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।

बाराबंकी से गोसाईगंज पुलिस को ट्रांसफर हुआ केस

बाराबंकी पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को 10 जुलाई को गिरफ्तार किया था। जांच में हत्या की जगह गोसाईगंज थाना क्षेत्र स्थित सरजीत का मकान सामने आया। इसके बाद केस को गोसाईगंज पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव ने बताया कि हत्या की घटना गोसाईगंज क्षेत्र में हुई थी। केस ट्रांसफर होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Location :  Lucknow

Published :  24 August 2026, 6:58 PM IST