हिंदी
सपा पार्षद ललित तिवारी को मेयर ने दिलाई शपथ
Lucknow: राजधानी लखनऊ में लंबे कानूनी विवाद के बाद समाजवादी पार्टी के नेता ललित तिवारी को आखिरकार पार्षद पद की शपथ दिला दी गई। रविवार को नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने उन्हें शपथ दिलाई।
बताया जा रहा है कि यह मामला पिछले पांच महीनों से कानूनी प्रक्रिया में उलझा हुआ था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम प्रशासन ने शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी कराई। नगर निगम के इतिहास में इसे बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि करीब 660 साल के इतिहास में यह पहला मामला बताया जा रहा है जब किसी पार्षद को कोर्ट के आदेश पर शपथ दिलाई गई हो।
शपथ ग्रहण के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि उन्होंने हाईकोर्ट के आदेश का पूरी तरह पालन किया है। शपथ में देरी को लेकर उन्होंने अपनी अस्वस्थता का हवाला दिया और कहा कि स्वास्थ्य ठीक होते ही प्रक्रिया पूरी करा दी गई।
महापौर ने यह भी कहा कि चुनाव में प्रदीप शुक्ला टिंकू को ललित तिवारी से अधिक मत मिले थे। उन्होंने अब्दुल्ला आजम खान के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह उस प्रकरण में दोबारा चुनाव कराया गया था, उसी प्रकार यहां भी चुनाव कराया जाना चाहिए था।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद नगर निगम की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सपा समर्थकों ने इसे कानूनी जीत बताया है, जबकि विपक्षी दल इस मुद्दे पर सवाल खड़े कर रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में अब इस बात को लेकर चर्चा है कि आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।
Location : Lucknow
Published : 24 May 2026, 12:20 PM IST
Topics : Councilor Lalti Tiwary Mayor Oath Samajwadi Party