
मौसम अपडेट (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में ठंड का असर अब तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह का आगाज़ कोहरे और बर्फीली हवाओं के साथ हो रहा है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में ही पारा कई जगहों पर 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट रुक-रुककर जारी रह सकती है, हालांकि कोई बड़ा बदलाव फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा।
बुधवार सुबह यूपी के कई शहर हल्के से मध्यम कोहरे की चादर में लिपट गए। इसमें आगरा, अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर, अलीगढ़, जौनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, कानपुर, कौशांबी, रायबरेली, बिजनौर, पीलीभीत, मुरादाबाद, गाजीपुर और मथुरा जैसे जिलों में सुबह की शुरुआत धुंध भरी फिज़ाओं के साथ हुई। कई इलाकों में कोहरा छंटने के बाद भी दिनभर हल्की धुंध बनी रहने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 30 नवंबर तक कोहरा सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर पर रह सकता है। इसके अलावा, 1 दिसंबर को मौसम साफ लेकिन शुष्क रहेगा। जबकि, 2 दिसंबर को फिर से हल्के से मध्यम कोहरे की वापसी का अनुमान है।
Delhi AQI: GRAP-3 हटते ही बड़ा बदलाव, जानें ऑफिस और स्कूलों की नई गाइडलाइन
विशेष बात यह है कि यूपी में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है, लेकिन पछुआ और उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगातार तापमान गिरा रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2°C की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की ठंड थोड़ी कम महसूस होगी।
यूपी में इस समय सबसे ठंडी रात कानपुर की रही है। यहां न्यूनतम तापमान 7.2°C दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम है। इसके अलावा अन्य जिलों, बाराबंकी में 7.5°C, अलीगढ़ में 7.6°C, मुजफ्फरनगर में 7.9°C, मेरठ में 8.1°C और बुलंदशहर में 8.5°C तापमान दर्ज किया गया।
वहीं राजधानी लखनऊ में भी ठंड ने लोगों को खूब कंपाया। यहां न्यूनतम तापमान 10°C और अधिकतम तापमान 26.4°C रिकॉर्ड किया गया। जबकि नजीबाबाद में अधिकतम तापमान केवल 23°C रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में वातावरण बेहद शुष्क रहेगा, जिससे बर्फीली हवाएं रात में और असर दिखाएंगी। सुबह के समय विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है, इसलिए वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उत्तर प्रदेश में सर्दी धीरे-धीरे बढ़ रही है और दिसंबर आते-आते पारा और अधिक नीचे जाने की संभावना है। फिलहाल, लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने और अचानक तापमान गिरने से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Location : Lucknow
Published : 27 November 2025, 8:49 AM IST