Weather Update: देशभर में शीतलहर का असर, यूपी से दिल्ली तक बढ़ी मुश्किलें; IMD ने बताया कैसा रहेगा मौसम?

देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। IMD ने यूपी, दिल्ली और बिहार समेत कई राज्यों में शीतलहर व घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 26 December 2025, 7:54 AM IST

New Delhi: देश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) ने बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, असम और मेघालय सहित कई राज्यों के लिए घने से बहुत घने कोहरे और शीत दिवस को लेकर चेतावनी जारी की है। आने वाले कुछ दिनों तक हालात में खास सुधार की उम्मीद नहीं जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 26 दिसंबर तक, असम और मेघालय में 27 दिसंबर तक और उत्तर प्रदेश में 29 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 30 दिसंबर तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।

UP Weather Update: यूपी में ठंड और कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, AQI भी हो रहा खतरनाक… अब क्या होगा आगे?

IMD ने बताया कि 25 से 28 दिसंबर के बीच बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में शीत दिवस से गंभीर शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड में 25 से 27 दिसंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 दिसंबर को शीत दिवस की संभावना जताई गई है। ठंडी पछुआ हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

दिल्ली-एनसीआर का हाल

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण ठिठुरन बढ़ेगी। कोहरे के कारण उड़ानों और ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ सकता है, वहीं सड़कों पर वाहन चालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कड़ाके की ठंड (फोटो सोर्स- इंटरनेट)

उत्तर प्रदेश में बढ़ी ठंड

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश में घने से अत्यंत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को कई जिलों में शीत दिवस से अत्यंत शीत दिवस की चेतावनी दी गई है। 26 दिसंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन दोनों हिस्सों में अनेक स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में बढ़ी गलन भरी ठंड, कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी

बिहार में शीतलहर का असर

बिहार में सर्द पछुआ हवाओं के चलते ठंड का प्रकोप और तेज हो गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, कटिहार, बांका, रोहतास, भभुआ सहित राज्य के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

झारखंड में भी अलर्ट

झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के 12 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। ठंडी हवाओं और कम तापमान के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 26 December 2025, 7:54 AM IST