हिंदी
बांदा में सोशल मीडिया पर वायरल पशु क्रूरता के वीडियो के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने पशु उत्पीड़न के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
आरोपी गिरफ्तार (Img: Google)
Banda: जिले में बेज़ुबान पशु के साथ मारपीट और अमानवीय क्रूरता करने के मामले में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें दो व्यक्ति एक निरीह पशु के साथ मारपीट करते और अमानवीय व्यवहार करते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी अतर्रा चुंगी उत्कर्ष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार बांदा भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान महावीर और अख्तर के रूप में हुई है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
बांदा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बेज़ुबान पशुओं के प्रति किसी भी प्रकार की क्रूरता या अमानवीय कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।