हिंदी
पेट्रोल पंप का वायरल वीडियो
Maharajganj : जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र से सामने आया वायरल वीडियो इन दिनों पूरे इलाके में आग की तरह फैल रहा है। रात के अंधेरे में चल रहे एक कथित गोरखधंधे ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में बड़े-बड़े गैलनों में पेट्रोल और डीजल भरते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद कालाबाजारी के गंभीर आरोप लग रहे हैं। आरोप यह भी है कि दिन में आम जनता को तेल खत्म बताकर लौटा दिया जाता है। रात होते ही वही पंप एक अलग ही खेल शुरू कर देता है।
महराजगंज : बृजमनगंज में पेट्रोल पंप का वीडियो वायरल, कालाबाजारी के गंभीर आरोप। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रात के अंधेरे में गैलनों में पेट्रोल-डीजल भरने का दावा।@DmMaharajganj#Maharajganj #PetrolPump #FuelScam pic.twitter.com/ZVVOQ6oGFW
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 17, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप पर संदिग्ध गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं। रात के समय खुलेआम गैलनों में ईंधन भरने की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतने बड़े स्तर पर यह सब कैसे चल रहा था।
भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया जाटव, जितेंद्र कुमार और प्रिंस जाटव ने आरोप लगाया है कि पंप पर आम उपभोक्ताओं को सिर्फ 3 से 4 घंटे ही तेल दिया जाता है। इसके बाद मशीन लॉक होने का बहाना बनाकर लोगों को वापस भेज दिया जाता है। उनका कहना है कि यह पूरा सिस्टम जानबूझकर बनाया गया है ताकि चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाया जा सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि 5 किलोमीटर के दायरे में यह एकमात्र पेट्रोल पंप है। जिससे हजारों लोग अपनी जरूरतें पूरी करते हैं। किसानों, व्यापारियों और आम वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दूर-दराज जाकर ईंधन लेने की मजबूरी बन जाती है।
आरोप है कि रात के समय बड़े गैलनों में पेट्रोल और डीजल भरकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता है। इस कथित कमीशन आधारित खेल ने पूरे सप्लाई सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कन्हैया जाटव ने जिला प्रशासन से तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन और धरना प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले में लोगों में आक्रोश है। पंप प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Location : Maharajganj
Published : 17 May 2026, 5:23 PM IST