कुशीनगर में ग्रामीणों का हंगामा! हाई वोल्टेज तार की चपेट में आए मजदूर, एक की मौत

कुशीनगर के कसया में भवन निर्माण के दौरान हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 23 May 2026, 4:33 PM IST

Kushinagar: कुशीनगर के कसया क्षेत्र में भवन निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लोहे की छड़ हाई वोल्टेज बिजली तार से छू जाने पर दो मजदूर करंट की चपेट में आ गए, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।

निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

घटना कसया थाना क्षेत्र के अहिरौली राजा गांव की है। यहां गांव निवासी सुनील कुमार के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मजदूर छड़ सीधा करने का काम कर रहे थे।

इसी दौरान छड़ का एक हिस्सा ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार से छू गया। देखते ही देखते तेज करंट फैल गया और काम कर रहे दो मजदूर उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

हादसे में डमरी चुरामन छपरा गांव निवासी 53 वर्षीय श्याम लाल और अहिरौली राजा निवासी 30 वर्षीय नगीना गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को आनन-फानन एंबुलेंस से कसया सीएचसी पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने श्याम लाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि नगीना की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवींद्रनगर धूस रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। मृतक और घायल मजदूर के घरों में कोहराम मच गया। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और नारेबाजी शुरू कर दी।

ग्रामीणों का कहना था कि आबादी के बीच से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार पहले से ही खतरा बने हुए थे, लेकिन विभाग ने कभी इस ओर ध्यान नहीं दिया।

पुलिस ने लोगों को कराया शांत

हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक परिवार को अहेतुक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

Location :  Kushinagar

Published :  23 May 2026, 4:33 PM IST