गैंगस्टर विजय मिश्रा की आर्थिक रीढ़ टूटी: भदोही पुलिस ने जब्त की करोड़ों की एग्रो इंडस्ट्रीज, पूरा परिवार पहले ही काट रहा जेल

भदोही पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत पूर्व विधायक विजय मिश्रा गैंग पर अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। महाराष्ट्र के धाराशिव में अपराध की काली कमाई से खड़ी की गई 100 करोड़ 25 लाख रुपये की दाल मिल को पुलिस ने कुर्क कर सरकारी कब्जे में ले लिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 July 2026, 11:21 AM IST

Bhadohi: उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध और माफिया राज के खिलाफ चल रहे अभियान में भदोही पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्रा और उनके संगठित आपराधिक गैंग की आर्थिक जड़ों को पूरी तरह नेस्तनाबूत करने के लिए पुलिस ने महाराष्ट्र के धाराशिव (उस्मानाबाद) जिले में धावा बोला।

पुलिस ने वहां स्थित 'लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज' (दाल मिल) को पूरी तरह कुर्क कर सरकारी कब्जे में ले लिया है। भदोही पुलिस के मुताबिक, कुर्क की गई इस विशाल दाल मिल की अनुमानित कीमत करीब 100 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई को विजय मिश्रा गैंग के आर्थिक साम्राज्य पर अब तक का सबसे घातक प्रहार माना जा रहा है।

गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जब्ती

पुलिस की गहन जांच में यह साफ हुआ था कि महाराष्ट्र की यह एग्रो इंडस्ट्री और दाल मिल किसी वैध व्यापार से नहीं, बल्कि विजय मिश्रा गैंग द्वारा रंगदारी, डराने-धमकाने और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों से अर्जित किए गए अवैध धन से तैयार की गई थी।

इसके बाद भदोही के जिलाधिकारी (डीएम) के आदेश पर स्थानीय प्रशासन और महाराष्ट्र पुलिस की भारी मौजूदगी में इस विशाल संपत्ति को विधिवत कुर्क कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई गई और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए संपत्ति पर सरकारी बोर्ड लगा दिया गया।

बीमा कंपनी और बैंक ऑफ बड़ौदा की ‘NO Entry’, भदोही उपभोक्ता फोरम का बड़ा आदेश, जानिए क्या है पूरा मामला

वर्ष 2022 से 2025 के बीच चला पुलिस का महा-अभियान

भदोही पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि विजय मिश्रा गैंग को पूरी तरह खत्म करने के लिए वर्ष 2022 से 2025 के बीच लगातार चौतरफा आर्थिक हमले किए गए। इस चार साल के कड़े अभियान के दौरान पुलिस अब तक इस गैंग की 2 अरब 41 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल और अचल संपत्तियों को कुर्क कर मिट्टी में मिला चुकी है।

अब 100 करोड़ रुपये से अधिक की इस नई संपत्ति के जब्त होने के बाद कार्रवाई का यह आंकड़ा और भी खौफनाक हो गया है। पुलिस का स्पष्ट रुख है कि यह अभियान केवल जब्ती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश के किसी भी कोने में छिपे अवैध निवेश को खोज निकाला जाएगा।

यूपी समेत कई राज्यों में फैली थी काली कमाई

अकूत संपत्ति और खौफ के बल पर राज करने वाले विजय मिश्रा गैंग ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के कई अन्य राज्यों में भी करोड़ों रुपये का काला साम्राज्य खड़ा किया था। हालांकि, कानून के चक्रव्यूह ने इस पूरे कुनबे को अपनी जद में ले लिया है।

भदोही पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते वर्ष 2026 में अदालत ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व विधायक विजय मिश्रा, उनकी पत्नी और उनके पुत्र को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही उनकी पुत्रवधू को भी 4 वर्ष के कठोर कारावास का दंड दिया गया है। अदालत ने पूरे परिवार पर कुल मिलाकर 5 लाख 26 हजार रुपये का भारी अर्थदंड भी लगाया है।

भदोही में दर्दनाक हादसा: वेल्डिंग के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

एसपी अभिनव त्यागी की खुली चेतावनी

इस ऐतिहासिक कामयाबी पर भदोही के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने माफियाओं और अपराधियों को बेहद कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित करने का काम आगे भी बिना रुके जारी रहेगा।

एसपी त्यागी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अपराध के जरिए बनाई गई अवैध दौलत और साम्राज्य चाहे देश के किसी भी राज्य या कोने में क्यों न छिपाया गया हो, कानून उसका पूरा हिसाब लेकर रहेगा। भदोही पुलिस की इस कार्रवाई को उत्तर प्रदेश में संगठित अपराधियों के खिलाफ चल रही मुहिम की सबसे बड़ी और नजीर बनने वाली उपलब्धियों में गिना जा रहा है।

Location :  Bhadohi

Published :  8 July 2026, 11:21 AM IST