Varanasi Air Show: वाराणसी एयर शो में योगी आदित्यनाथ ने देखा वायुसेना का शौर्य, गंगा के ऊपर गरजे राफेल-सुखोई

वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के एयर शो में राफेल, सुखोई और तेजस समेत विमानों ने हवाई करतब दिखाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन देखा। राजनाथ सिंह, सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहे। गंगा घाटों पर जुटे दर्शकों ने तालियां बजाकर वायुसेना का उत्साह बढ़ाया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 October 2026, 6:33 PM IST

Varanasi: काशी के आसमान में जब लड़ाकू विमानों की गर्जना गूंजी और गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए, तो नमो घाट समेत आसपास के घाटों पर मौजूद दर्शकों का उत्साह देखते ही बना। वाराणसी में आयोजित एयर शो में राफेल, सुखोई और तेजस जैसे विमानों के प्रदर्शन ने लोगों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में 100 से अधिक विमानों और हेलीकॉप्टरों ने हवाई करतब दिखाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सड़क मार्ग से नमो घाट पहुंचे और करीब एक घंटे तक एयर शो देखा। इस दौरान उनकी नजरें आसमान में विमानों की गतिविधियों पर टिकी रहीं। गंगा की लहरों के ऊपर विमानों की कलाबाजी और उनकी गर्जना ने दर्शकों को आकर्षित किया। नमो घाट के अलावा आसपास के गंगा घाटों और दूसरी ओर डोमरी घाट पर भी बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन देखने के लिए जुटे।

कड़ी धूप के बावजूद दर्शक अपनी जगह पर डटे रहे। विमानों के करतब के दौरान लोगों ने तालियां बजाईं और उत्साह के साथ भारतीय वायुसेना का अभिवादन किया। पूरे आयोजन के दौरान घाटों पर देशभक्ति का माहौल नजर आया।

पीएम मोदी ने किया 'जय हिंद' का अभिवादन

एयर शो के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय सेना और वायुसेना के शौर्य को करीब से देखा। विमानों के प्रदर्शन के बीच उन्होंने इशारे से ‘जय हिंद’ का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री को ऐसा करते देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उत्साह जताया।

Varanasi Air Show: राफेल-तेजस के करतब देख दंग रह गए लोग, ‘रुद्र’ और ‘कैलाश’ ने खींचा ध्यान

कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। एयर शो के समापन के बाद भारतीय वायुसेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

इस आयोजन में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायुसेना की हवाई क्षमता और परिचालन कौशल को प्रदर्शित किया गया। आसमान में विमानों की तेज आवाज और उनके करतबों को देखने के लिए घाटों पर लोगों की भीड़ लगातार उत्साहित नजर आई।

काजल, हसीना, दिया या मरजीना? कानपुर में महिला की हत्या के बाद पहचान को लेकर उलझी कहानी

पुलिस लाइन से नमो घाट तक पीएम मोदी का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी पहुंचने पर सड़क मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने उनका स्वागत किया। पुलिस लाइन से नमो घाट तक समर्थक जगह-जगह मौजूद रहे। भदऊचुंगी के पास सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए खड़े थे।

लोगों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री ने अपनी कार रुकवाई और बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए उनका अभिवादन किया। इसके बाद वह नमो घाट पहुंचे, जहां एयर शो का आयोजन किया गया था।

Location :  Varanasi

Published :  25 October 2026, 6:33 PM IST