
वैभव वर्मा अपहरण एवं हत्याकांड
Gorakhpur: बहुचर्चित वैभव वर्मा अपहरण एवं हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता सतीश भट्ट के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गोरखपुर पुलिस ने आरोपी सतीश भट्ट पर ₹25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। साथ ही विवेचक थाना प्रभारी जयन्त सिंह के पैरवी पर न्यायलय गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी जारी कर दिया है। अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर ने बताया कि वैभव वर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी सतीश भट्ट की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। न्यायालय से उसके विरुद्ध एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद उसे ₹25 हजार का इनामिया अपराधी घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की तलाश में जनपद के साथ-साथ अन्य जिलों में भी पुलिस टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि वैभव वर्मा हत्याकांड ने पूरे गोरखपुर सहित प्रदेशभर में व्यापक चर्चा बटोरी थी। इस जघन्य वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सतीश भट्ट घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है। पुलिस का मानना है कि वह इस पूरे घटनाक्रम का प्रमुख साजिशकर्ता है, इसलिए उसकी गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उसके रिश्तेदारों, परिचितों तथा संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को फरार आरोपी सतीश भट्ट के संबंध में कोई विश्वसनीय सूचना मिलती है तो वह तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
वैभव वर्मा हत्याकांड में फरार मास्टरमाइंड पर इनाम घोषित होने और एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद माना जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई अब और तेज होगी तथा जल्द ही आरोपी कानून के शिकंजे में होगा।
Location : Gorakhpur
Published : 5 August 2026, 11:07 PM IST