शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, फिर आरोपी के घर पहुंचा बुलडोजर… मेरठ में क्या हुआ?

मेरठ के हस्तिनापुर में नितिन हत्याकांड के बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर मेरठ-बिजनौर मार्ग जाम कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग के बीच फरार मुख्य आरोपी मिट्ठू के घर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 12 September 2026, 3:08 PM IST

मेरठ: हस्तिनापुर के माखननगर निवासी नितिन की गोली मारकर हत्या के बाद शनिवार को ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही लोगों ने मेरठ-बिजनौर मार्ग पर गणेशपुर तिराहे के पास शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व एनकाउंटर की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

शनिवार सुबह गणेशपुर तिराहे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन जुट गए। जैसे ही नितिन का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा, लोगों का गुस्सा बढ़ गया।

ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोनों ओर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी होने से मेरठ-बिजनौर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। जाम की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।

आरोपियों की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की उठी मांग

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि नितिन हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर की भी मांग उठाई।

परिजनों का कहना था कि जब तक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि यदि पुलिस पहले सक्रियता दिखाती तो नितिन की हत्या को रोका जा सकता था।

लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की

जाम और प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई के स्पष्ट आश्वासन पर अड़े रहे।

पुलिस लगातार स्थिति को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रही।

फरार मुख्य आरोपी मिट्ठू के घर चला बुलडोजर

ग्रामीणों के प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी मिट्ठू पुत्र पिंकी चौधरी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ पंकज लवानिया भी मौके पर मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, नितिन की शुक्रवार शाम गोली मारकर हत्या की गई थी। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार हैं। मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के तहत प्रशासन ने उसके घर पर बुलडोजर चलाया है।

Location :  Meerut

Published :  12 September 2026, 3:08 PM IST