
मौसम अपडेट (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम अब धीरे-धीरे करवट लेता नजर आ रहा है। कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे का दौर अब अंतिम चरण में पहुंचता दिख रहा है। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह हल्का कोहरा रहा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, वैसे-वैसे धूप निकल आई और लोगों को राहत मिली। तापमान में बढ़ोतरी के साथ दिन का मौसम अब सुहावना महसूस हो रहा है।
मंगलवार की सुबह लखनऊ में हल्का कोहरा देखने को मिला, जो कुछ ही घंटों में छंट गया। दिन में तेज धूप खिली, जिससे अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। बाराबंकी, रायबरेली, कानपुर और आसपास के जिलों में भी कुछ ऐसा ही मौसम रहा। ग्रामीण इलाकों में अब भी हल्का से मध्यम कोहरा बना हुआ है, लेकिन दिन में मौसम साफ हो रहा है।
वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और सुल्तानपुर जैसे जिलों में भी मौसम साफ रहने लगा है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। सुबह-शाम हल्की ठंड जरूर महसूस की जा रही है, लेकिन शीतलहर का असर लगभग खत्म हो चुका है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास में सुबह के समय कोहरा रहा, जो बाद में छंट गया। हालांकि, ठंडी हवाओं की वजह से गलन अब भी लोगों को परेशान कर रही है। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास है।
लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बादलों की आवाजाही और नमी के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
UP Weather Today: ठंड, कोहरा और बरसात का ट्रिपल अटैक! यूपी में तीन दिन बिगड़ेगा मौसम, अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 25 जनवरी के बीच मौसम फिर से बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यदि बारिश होती है, तो प्रदूषण में कमी आएगी, लेकिन इसके बाद ठंडी हवाओं से तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है।
Location : Lucknow
Published : 20 January 2026, 7:50 AM IST
Topics : Cold wave FOG Rain UP Weather Weather Update