
मौसम अपटेड (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार करवट बदल रहा है। बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिसके चलते रात की ठंड में हल्की कमी महसूस की गई है। हालांकि दिन के समय मौसम लगभग स्थिर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में ठंड से अस्थायी राहत मिल सकती है, लेकिन अगले कुछ दिनों में तापमान में फिर गिरावट के आसार हैं।
सुबह के समय कोहरे का प्रभाव एक बार फिर बढ़ने लगा है। लखनऊ से लेकर प्रयागराज तक कई जिलों में छिछले से मध्यम कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में सुबह और देर रात सफर करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दृश्यता कम होने से सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी क्षेत्रों से आने वाली हवाओं के प्रभाव के बावजूद वर्तमान में बंगाल की खाड़ी की ओर से चल रही पुरवा हवाएं तापमान में हल्की वृद्धि कर रही हैं।
20 नवंबर को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने के साथ हल्का कोहरा छाने की संभावना जताई गई थी, वहीं पूर्वी यूपी में कोहरा थोड़ा अधिक घना हो सकता है। गुरुवार की सुबह कानपुर, बाराबंकी, इटावा, लखनऊ और प्रयागराज में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे सुबह के समय हल्की ठंडक के साथ तेज हवा महसूस की जाएगी।
दिल्ली में ठंड बरपाएगी कहर! इन 5 राज्यों में आंधी-तूफान का रेड अलर्ट, जानें मौसम का ताजा अपडेट
21 नवंबर को भी प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दिन पश्चिमी यूपी में छिछला कोहरा और पूर्वी यूपी में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने इस दौरान किसी भी तरह के बड़े अलर्ट से इंकार किया है। इसी तरह 22 और 23 नवंबर को भी आसमान साफ और मौसम स्थिर रहने का अनुमान है। सुबह के समय कोहरा रहने की संभावना बनी रहेगी, लेकिन दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
24 और 25 नवंबर को भी मौसम साफ रहने के साथ कोहरे का असर दिखाई दे सकता है। इस अवधि में भी किसी तरह का बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन दृश्यता कम होने से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को इटावा में सबसे कम 9.4℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि कानपुर में 10℃ और लखनऊ में 13.5℃ रिकॉर्ड किया गया। अगले दो से तीन दिनों तक रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रह सकती है।
Delhi AQI: दमघोंटू प्रदूषण से जूझ रहा नोएडा-गाजियाबाद, जानें कब मिलेगा समाधान?
हालांकि 23 नवंबर से पछुआ हवाएं दोबारा सक्रिय होंगी, जिससे ठंड का असर एक बार फिर बढ़ने की उम्मीद है। पुरवा हवाओं के कारण जो गर्माहट महसूस हो रही है, वह सप्ताहांत तक ही बनी रहेगी। इसके बाद तापमान में 2℃ तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल तीखी ठंड लौटने में समय है, लेकिन सुबह की धुंध और कोहरा आम लोगों के लिए चुनौती बना रहेगा।
Location : Lucknow
Published : 20 November 2025, 8:12 AM IST