

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। कानपुर में न्यूनतम तापमान 14.8°C तक पहुंच गया, जबकि लखनऊ समेत कई शहरों में रात की ठंड बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट जारी रहने का अनुमान है। दिवाली के आस-पास सर्दी बढ़ने की संभावना है।
मौसम अपडेट (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलते हुए देखा जा रहा है। दिन के समय तेज धूप के बावजूद, रात में ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 20°C से नीचे पहुंच चुका है, जिससे सर्दी का असर अब अधिक महसूस होने लगा है।
कानपुर जैसे शहरों में 13 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 14.8°C तक पहुंच गया। वहीं, लखनऊ, इटावा, बहराइच और प्रयागराज जैसे शहरों में भी तापमान में गिरावट देखी जा रही है। इटावा में 16.2°C, बाराबंकी में 16°C, हरदोई में 18.5°C और प्रयागराज में 18.4°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 31.2°C और न्यूनतम तापमान 18.2°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के विशेषज्ञ के अनुसार, वर्तमान में शुष्क पछुआ और उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव है, जिसके कारण तापमान में धीरे-धीरे गिरावट हो रही है। हालांकि, अगले 24 घंटों में प्रदेश में किसी प्रकार की भारी बारिश या तेज हवा का अनुमान नहीं है। मौसम शुष्क रहेगा और अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का पूर्वानुमान है।
13 अक्टूबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहेगा। 14 और 15 अक्टूबर को भी मौसम साफ रहेगा और कोई भारी बारिश की संभावना नहीं है। 16 और 17 अक्टूबर तक भी मौसम साफ और सुहावना रहेगा। इसी तरह 18 अक्टूबर को भी मौसम साफ रहने की संभावना है।
Weather Update: दिवाली तक बारिश की उम्मीद नहीं; शुष्क मौसम किसानों के लिए खुशियाँ लेकर आया
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का अनुभव होगा, जिससे लोगों को सर्दी का एहसास होगा। दिवाली तक तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे प्रदेश भर में ठंड का असर बढ़ सकता है।
हालांकि, अब तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है और यह मौसम शुष्क बना रहेगा।