यूपी के सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान, शिक्षकों को AI की मिलेगी ट्रेनिंग

योगी सरकार उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने जा रही है। इसके लिए 'उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका' तैयार की गई है। शिक्षकों को स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, दीक्षा, AI और डिजिटल सुरक्षा का प्रशिक्षण मिलेगा। जानिए इस नई पहल से सरकारी स्कूलों की पढ़ाई में क्या बदलाव आने वाला है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 November 2026, 5:41 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई का तरीका बदलने की तैयारी है। ब्लैकबोर्ड और किताबों के साथ अब स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भी पढ़ाई का अहम हिस्सा बनने जा रहे हैं। योगी सरकार ने परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए नई पहल की है। इसके तहत शिक्षकों को तकनीक के इस्तेमाल में दक्ष बनाने के लिए 'उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका' तैयार की गई है।

शिक्षकों को डिजिटल तकनीक का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रदेश में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश की ओर से यह मार्गदर्शिका तैयार की गई है। इसके जरिए ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में पहले से उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का सही और प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करना है। अक्सर स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल उपकरण तो उपलब्ध होते हैं, लेकिन उनके बेहतर इस्तेमाल को लेकर शिक्षकों को तकनीकी जानकारी की जरूरत होती है।

स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब चलाने की मिलेगी ट्रेनिंग

नई मार्गदर्शिका में स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब में मौजूद उपकरणों के संचालन की पूरी जानकारी दी गई है। इसमें इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (IFP), ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर और वेब कैमरा जैसे उपकरण शामिल हैं। शिक्षकों को यह भी बताया जाएगा कि इन उपकरणों को किस क्रम में चालू और बंद करना है। सिस्टम चालू करते समय पहले मुख्य विद्युत स्विच, फिर यूपीएस और उसके बाद पैनल एवं ओपीएस चालू करना होगा। वहीं, सिस्टम बंद करते समय पहले सभी फाइल और एप्लीकेशन सुरक्षित तरीके से बंद करनी होंगी।

यूपी 2027 चुनाव में 5 फीसदी Vs 95 फीसदी की लड़ाई, अखिलेश यादव ने आगरा से बताया सपा का चुनावी फार्मूला

दीक्षा और पीएम ई-विद्या से मिलेगी हजारों वीडियो की सुविधा

शिक्षकों को डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दीक्षा (DIKSHA), एलएमएस, पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी जैसे प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। मार्गदर्शिका के अनुसार, दीक्षा प्लेटफॉर्म पर कक्षा 1 से 8 तक की 82 एनर्जाइज्ड पाठ्यपुस्तकें और 16 हजार से अधिक शैक्षिक वीडियो उपलब्ध हैं। शिक्षक किताबों में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके संबंधित पाठ के वीडियो और गतिविधियों को सीधे स्मार्ट क्लास में दिखा सकेंगे।

डिजिटल लाइब्रेरी में 5000 से ज्यादा ई-बुक्स

इस पहल का एक बड़ा हिस्सा डिजिटल लाइब्रेरी भी है। इसके तहत शिक्षकों और विद्यार्थियों को 5,000 से अधिक ई-पुस्तकों के साथ समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं के डिजिटल संस्करण और ऑडियो बुक की सुविधा मिलेगी। डिजिटल लाइब्रेरी के एकेडमिक मोड के जरिए शिक्षक यह समझ सकेंगे कि बच्चे किसी विषय या पाठ को कितना समझ पा रहे हैं। अगर किसी टॉपिक को समझने में बच्चों को परेशानी हो रही है तो शिक्षक उसकी पहचान कर सकेंगे।

यूपी में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं? पुलिस वेरिफिकेशन और नियुक्ति के ये 10 नियम जान लें

बच्चों की पढ़ाई और प्रगति की होगी डिजिटल निगरानी

नई डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका में विद्यार्थियों के आकलन और उनकी प्रगति को ट्रैक करने पर भी खास जोर दिया गया है। शिक्षक एलएमएस और दीक्षा के प्रश्नों के जरिए बच्चों का मूल्यांकन कर सकेंगे। इसके बाद प्राप्त परिणामों को निपुण प्लस ऐप में दर्ज किया जा सकेगा। मार्गदर्शिका में एक खास व्यवस्था भी बताई गई है। अगर किसी सवाल का जवाब आधे से ज्यादा बच्चे गलत देते हैं तो शिक्षक को अगले कालांश में उस विषय या अवधारणा को दोबारा समझाने का सुझाव दिया गया है।

AI से तैयार होंगे प्रश्न

आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अपनी जगह बना रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश की डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका में शिक्षकों को AI के जिम्मेदार इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई है। शिक्षक AI की मदद से पाठ योजनाएं, प्रश्न, कार्यपत्रक और अलग-अलग कठिनाई स्तर की गतिविधियां तैयार कर सकेंगे। इससे बच्चों की क्षमता और जरूरत के अनुसार शिक्षण सामग्री तैयार करना आसान होगा।

Location :  Lucknow

Published :  15 November 2026, 5:41 PM IST