Maharajganj: गोसदन में फिर गौवंशों की मौत से बजरंग दल कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा, पुलिस और प्रशासन के फूले हाथ-पांव

महराजगंज के मदनपुरा गोसदन में दो गौवंशों की मौत के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। मृत पशुओं को जेसीबी से हटाने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 June 2026, 7:02 PM IST

Maharajganj: महराजगंज मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के मदनपुरा गांव स्थित गोसदन में शनिवार को दो गौवंशीय पशुओं की मौत के बाद बड़ा बवाल खड़ा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता गोसदन पहुंच गए और कर्मचारियों व जिम्मेदार अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।

गौवंशों की नहीं हो रही थी ठीक से देखभाल

बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप था कि गोसदन में गौवंशों की उचित देखभाल नहीं की जा रही है, जिसके चलते लगातार पशुओं की मौत हो रही है। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि इससे पहले भी कई गौवंशों की मौत हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बार दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

हंगामे की सूचना मिलने पर तहसीलदार अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाराज कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि कार्यकर्ता मृत गौवंशों को हटाने से पहले पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद सहमति नहीं बन सकी।

Maharajganj: फरेंदा में आखिर किसकी लापरवाही से बिगड़ी प्रसूता की हालत? जांच में खुलेंगे राज

कार्यकर्ताओं का बढ़ा आक्रोश

इसी बीच प्रशासन की ओर से मृत गौवंशों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन गोसदन पहुंची। जेसीबी को देखकर कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। उन्होंने मृत पशुओं को मशीन से उठाए जाने का विरोध किया और इसे गौवंशों के प्रति असम्मानजनक बताया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को पीछे हटाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव और बढ़ गया।

विरोध के बीच प्रशासन ने जेसीबी की मदद से मृत पशुओं को वाहन पर लादकर गोसदन से बाहर भिजवा दिया। इसके बाद भी कार्यकर्ता कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठाते रहे और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। प्रशासनिक अधिकारी देर शाम तक मौके पर डटे रहे और स्थिति को सामान्य बनाने में जुटे रहे।

दो गौवंशीय पशुओं की मौत

वहीं गोसदन में तैनात पशु चिकित्सक डॉ. एस.एन. भट्ट ने बताया कि दो गौवंशीय पशुओं की मौत हुई है जबकि एक अन्य पशु का उपचार जारी है। उन्होंने कहा कि गोसदन में कुल 45 गौवंशीय पशु थे, जिनमें से 26 को जिलाधिकारी के निर्देश पर कोट कमहरिया स्थित गौशाला भेजा जा चुका है। शेष पशुओं को भी जल्द स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। उनके अनुसार इसी दौरान दो पशुओं की मौत हुई।

Location :  Maharajganj

Published :  20 June 2026, 7:02 PM IST