Maharajganj News: पत्नी के इलाज के नाम पर लिया उधार, फिर पलटे… पार्षद पर कोर्ट ने अपनाया कड़ा रुख

महराजगंज नगर पालिका परिषद के चिउरहा वार्ड के पार्षद राणा पटेल पर एक महिला ने एक लाख रुपये उधार लेकर वापस न करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 June 2026, 11:59 AM IST

Maharajganj: नगर पालिका परिषद महराजगंज के चिउरहा वार्ड नंबर-1 के पार्षद राणा पटेल के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वार्ड की ही एक महिला ने पार्षद पर एक लाख रुपये उधार लेकर वापस न करने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

इलाज के लिए मांगी थी आर्थिक मदद

न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार, चिउरहा वार्ड नंबर-1 निवासी चन्दा देवी पत्नी नागेन्द्र पटेल का आरोप है कि फरवरी 2025 में पार्षद राणा पटेल ने अपनी पत्नी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। पारिवारिक और सामाजिक संबंधों के चलते उन्होंने एक लाख रुपये चेक के माध्यम से राणा पटेल को दिए थे। आरोप है कि आरोपी ने उसी दिन बैंक ऑफ बड़ौदा की महराजगंज शाखा से धनराशि प्राप्त कर ली और अप्रैल 2025 तक रकम लौटाने का आश्वासन दिया था।

पैसे मांगने पर अभद्रता और धमकी का आरोप

महिला का कहना है कि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी पैसा वापस नहीं किया गया। कई बार मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। आरोप है कि 19 मई 2025 को जब उन्होंने फिर से अपने पैसे की मांग की तो पार्षद ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए कहा कि उसकी पहुंच बड़े अधिकारियों और नेताओं तक है तथा कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

Maharajganj News: बिना बैरिकेडिंग के मौत का कुआं, वार्ड नंबर-12 में गहरे गड्ढे में गिरे पार्षद प्रतिनिधि, हालत गंभीर

विधिक नोटिस और प्रीलिटिगेशन के बाद भी नहीं निकला समाधान

पीड़िता के अनुसार, विवाद बढ़ने पर उन्होंने अधिवक्ता के माध्यम से विधिक नोटिस भेजा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महराजगंज में प्रीलिटिगेशन वाद दायर किया। आरोप है कि इस दौरान भी सभासद की ओर से लगातार दबाव बनाने और अपमानजनक टिप्पणियां करने का सिलसिला जारी रहा।

घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि 30 जनवरी की शाम आरोपी उनके घर के बाहर पहुंचा और कोर्ट में मामला ले जाने को लेकर नाराजगी जताते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली।

कोर्ट के निर्देश पर FIR

मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने कोतवाली पुलिस को एफआईआर दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। आदेश के अनुपालन में पुलिस ने पार्षद राणा पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2), 352, 351(3) समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Location :  Maharajganj

Published :  21 June 2026, 11:59 AM IST