
गाजियाबाद के मोदीनगर में बड़ा हादसा (Img: X)
Ghaziabad: दीपोत्सव की तैयारियों और खुशियों के बीच गाजियाबाद में मोदीनगर के सिकरी खुर्द गांव में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिर गया। मौके पर मौजूद मजदूर मलबे के नीचे दब गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिकरी-कलछीना रोड पर सत्ते कुमार नाम का व्यक्ति एक मकान बनवा रहा था। पिछले तीन दिनों से वहां लिंटर का काम चल रहा था, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा मजदूर लगे हुए थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे मजदूर काम पर पहुंचे, बताया जा रहा है कि उनमें से कुछ मजदूर सीधे लिंटर के नीचे काम कर रहे थे।
सुबह करीब 10 बजे अचानक लिंटर गिर गया। ढांचा जोर की आवाज के साथ गिरा और चारों तरफ धूल का गुबार छा गया। उस समय वहां मौजूद मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
शुरुआत में स्थानीय लोगों ने कुछ मलबा हटाया, दो मजदूरों को बाहर निकाले गये और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस, NDRF की टीम और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM), मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
Ghaziabad Aerocity: हिंडन एयरपोर्ट से कैसे जुड़ेगी नई एयरोसिटी? GDA के सर्वे से सामने आया बड़ा प्लान
जानकारी के अनुसार, इस हादसे में फरीदनगर का रहने वाला छोटू नाम का एक व्यक्ति इस घटना में मारा गया है। वहीं, घायलों की संख्या और उनकी पहचान के बारे में अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। निर्माणाधीन इमारत में लिंटर गिरने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच भी चल रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 7 November 2026, 12:42 PM IST
Topics : building collapsed Ghaziabad Police Commissioner ghaziabad news Modinagar News Uttar Pradesh News