महराजगंज में 38 लाख की सड़क पर बवाल, घटिया निर्माण का आरोप लगाकर रुकवाया काम

महराजगंज के अंबेडकर नगर में कब्रिस्तान मार्ग सड़क पर ग्रामीणों ने घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया। ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर जांच और कार्रवाई की मांग की।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 9 May 2026, 6:05 PM IST

Maharajganj: नगर पंचायत चौक के वार्ड नंबर-1 अंबेडकर नगर में कब्रिस्तान बनाए जा रहे मार्ग के निर्माण कार्य में कथित घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर मानकों की अनदेखी करते हुए सड़क बनाई जा रही है।

शवों को कब्रिस्तान तक ले जाना दूभर

बताया जा रहा है कि नहर से कब्रिस्तान तक जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। शवों को कब्रिस्तान तक ले जाना भी मुश्किल हो जाता था। इसी समस्या को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा लगभग 38.09 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया था।

लेकिन निर्माण शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में सफेद बालू, घटिया ईंट और निम्न गुणवत्ता वाले सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही सड़क किनारे बनाई जा रही दीवार की नींव भी बेहद कमजोर तरीके से तैयार की जा रही है।

महराजगंज में क्रेडिट कार्ड बिल जमा कराने के नाम पर युवक से ठगी

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण में न तो गिट्टी की सही ढंग से कुटाई की गई और न ही नींव पर्याप्त गहरी बनाई गई है। ऐसे में सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल पाएगी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के चलते जनता के टैक्स के पैसे से खिलवाड़ किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने की ये मांग

विरोध प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि गुणवत्ता पूर्ण निर्माण नहीं कराया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

रेलवे ट्रैक किनारे मिला महिला का शव, छानबीन में निकली महराजगंज के एक गांव की

प्रदर्शन में रईस अली, शाहआलम, रमजान, मेराज, जावेद, मुमताज, शरीफ, महफूज, अब्बास, नजरें आलम, अब्दुल गफ्फार, हशमत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  9 May 2026, 5:54 PM IST