
प्रतीकात्मक छवि
Lucknow: उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) प्रदेश के 75 जिलों से सबसे तेज गेंदबाजों की तलाश के लिए विशेष स्पीड हंट कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। इस पहल के जरिए पुरुष और महिला वर्ग की जूनियर व सीनियर टीमों के लिए प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों की पहचान की जाएगी।
यूपीसीए की ओर से पहली बार इस तरह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें केवल तेज गेंदबाजों की रफ्तार को वैज्ञानिक तरीके से परखा जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को आगामी ट्रायल और प्रशिक्षण शिविरों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
स्पीड हंट के लिए विभिन्न सेंटरों पर खिलाड़ियों का पंजीकरण जारी है। मेरठ सेंटर से 14 जिले, लखनऊ से 9, कानपुर से 12, आगरा से 14, गोरखपुर से 11, प्रयागराज से 8 और गाजीपुर सेंटर से 7 जिलों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
यूपीसीए के अनुसार, इस प्रतियोगिता में गेंदबाजों की गेंद की गति को स्पीड मीटर की मदद से मापा जाएगा। प्रारंभिक चरण में केवल गति के आधार पर प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा।
सबसे तेज गेंदबाजों की पहचान होने के बाद उन्हें विशेष कोचिंग दी जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को लाइन-लेंथ, स्विंग, सीम और विभिन्न प्रकार की गेंदबाजी तकनीकों में प्रशिक्षित कर बेहतर तेज गेंदबाज बनाया जाएगा।
यूपीसीए का मानना है कि उत्तर प्रदेश की पुरुष और महिला टीमों में गुणवत्तापूर्ण तेज गेंदबाजों की जरूरत है। स्पीड हंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और सीधे राज्य टीम की ओर कदम बढ़ाने का सुनहरा अवसर देगा।
Location : Lucknow
Published : 10 June 2026, 7:40 PM IST
Topics : Fast Bowlert Speed Hunt Speed Meter UPCA