यूपी में अभी तपाएगी गर्मी, फिर होगी राहत की बारिश! मानसून की एंट्री पर आया बड़ा अपडेट

उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। कई जिलों में 43 डिग्री तक तापमान पहुंच गया है, वहीं मानसून की दस्तक के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29-30 जून तक यूपी में मानसून सक्रिय हो सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 26 June 2026, 1:07 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां कई जिलों में तेज धूप और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं, वहीं कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से राहत की उम्मीद जगी है। गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में कोई बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिली और प्रयागराज समेत कई जिलों में पारा 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है।

तेज धूप और उमस ने बढ़ाई परेशानी

प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही तेज धूप का असर दिखाई दे रहा है। दिन चढ़ने के साथ तापमान तेजी से बढ़ रहा है और गर्म हवाओं के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रयागराज समेत कई जिलों में तापमान 42 से 43 डिग्री तक पहुंच गया। गर्मी के साथ बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम नजर आ रही है।

देश में मानसून की तूफानी रफ्तार, दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी

कई इलाकों में बादलों की दस्तक

हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम ने राहत के संकेत भी दिए हैं। कई जिलों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। फिलहाल गर्मी और बारिश दोनों का असर अलग-अलग इलाकों में दिखाई दे रहा है।

29-30 जून तक मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की उम्मीद

गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री अब ज्यादा दूर नहीं है। अगले दो से तीन दिनों में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अनुमान है कि 29 से 30 जून के बीच प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो सकता है। सबसे पहले मानसून का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में देखने को मिलेगा। इसके बाद धीरे-धीरे बारिश का दायरा पश्चिमी इलाकों तक बढ़ सकता है।

Weather Alert: मौसम ने बदला मिजाज, दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश, यूपी तक असर

तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट के आसार

मौसम विभाग के अनुसार मानसून सक्रिय होने के बाद प्रदेश में बारिश का सिलसिला बढ़ेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में करीब 5 से 8 डिग्री तक की कमी आने की संभावना जताई जा रही है। इससे लोगों को लंबे समय से जारी गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। किसानों के लिए भी मानसून की बारिश राहत लेकर आएगी, क्योंकि खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अच्छी बारिश का इंतजार किया जा रहा है।

Location :  Lucknow

Published :  26 June 2026, 1:07 PM IST