UP Weather Update: यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, इस तारीख से मानसून देगा राहत; झमाझम बरसेंगे बदरा

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कहीं भीषण गर्मी और लू का असर है तो कहीं आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 जून से यूपी में मानसून सक्रिय होगा और कई जिलों में राहत की बारिश देखने को मिलेगी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 26 June 2026, 7:36 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेनी शुरू कर दी है। एक तरफ प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी और लू का कहर जारी है, वहीं दूसरी तरफ मानसून की दस्तक के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग ने 27 जून को लेकर कई जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में मानसून उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। 29 जून से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।

मानसून को लेकर आया बड़ा अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा इस समय सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों में मानसून के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और हिस्सों तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। 29 जून के बाद प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

प्रयागराज में सबसे ज्यादा गर्मी

पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान गोरखपुर में 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के समय यहां मौसम कुछ राहत देने वाला रहा।

Indian Railway News: यूपी-बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत, जुलाई तक चलेंगी ये 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

इन 28 जिलों में आंधी और बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इन जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

नोएडा और गाजियाबाद में कैसा रहेगा मौसम?

पश्चिमी यूपी में अभी गर्मी का असर जारी रहेगा। नोएडा और गौतमबुद्ध नगर में 27 जून को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। शाम के समय धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। गाजियाबाद में भी मौसम कुछ ऐसा ही रहने का अनुमान है। यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाओं के झोंके चल सकते हैं।

लखनऊ और कानपुर में जारी रहेगी गर्मी

राजधानी लखनऊ में 27 और 28 जून को गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने यहां लू की स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को परेशानी हो सकती है। हालांकि 29 जून के बाद मौसम बदलने की संभावना है। कानपुर में भी 28 जून तक गर्मी और लू का असर रहेगा। इसके बाद बादल छाने और बारिश होने से राहत मिल सकती है।

Mumbai Airport Gold Smuggling: एयरपोर्ट से चल रहा था सोना तस्करी का खेल, महिला कर्मचारी समेत 9 गिरफ्तार

वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर में बारिश के आसार

वाराणसी और आसपास के जिलों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में गर्मी रहेगी तो कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अयोध्या में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं गोरखपुर और महाराजगंज क्षेत्र में आंधी-बारिश की संभावना ज्यादा है। यहां 28 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

आगरा, मथुरा और बुंदेलखंड में अभी गर्मी

आगरा और मथुरा में 27 जून को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। यहां गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। झांसी और बुंदेलखंड क्षेत्र में भी तेज धूप और गर्मी परेशान करेगी। हालांकि 29 जून के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Location :  Lucknow

Published :  26 June 2026, 7:36 PM IST