
भारी बारिश की चेतावनी (सोर्स-Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश और ठंड का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 'अर्नब चक्रवात' और 'पश्चिमी विक्षोभ' के सक्रिय होने की वजह से मौसम में यह बड़ा बदलाव आया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, आज उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। जिन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, उनमें इटावा, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, हरदोई, उन्नाव, देवरिया, आजमगढ़, रायबरेली, अयोध्या और आगरा शामिल हैं।
Weather Update: दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार तक बारिश! अचानक बढ़ी ठंड, कई राज्यों में बदला मौसम
प्रशासन ने इन क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर राजधानी लखनऊ की बात करें तो, यहाँ आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही, हवाएं लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से चल सकती हैं, जो जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।
बदला मौसम का मिजाज (सोर्स-Pinterest)
राज्य में पिछले तीन दिनों से लगातार जारी बारिश और ठंडी हवाओं के कारण ठंड ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है। इस बारिश के दौरान सूबे के विभिन्न जिलों में अलग-अलग रिकॉर्ड दर्ज किए गए। आंकड़ों के अनुसार, गोरखपुर में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिससे वहाँ नमी और ठंडक में बढ़ोतरी हुई है। वहीं दूसरी ओर, मुजफ्फरनगर जिला इस दौरान राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहाँ तापमान में खासी गिरावट महसूस की गई। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार से मौसम के साफ होने की पूरी उम्मीद है।
बीते महीने यानी अक्टूबर के आंकड़ों पर नजर डालें तो बारिश ने पिछले रिकॉर्ड प्रभावित किए हैं। एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर के बीच पूरे उत्तर प्रदेश में कुल 32.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश के मुकाबले करीब 14 प्रतिशत अधिक है।
क्षेत्रवार स्थिति देखें तो पूर्वांचल में बारिश का यह आंकड़ा सामान्य से तीन प्रतिशत अधिक रहा। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूरे महीने के दौरान सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 37 प्रतिशत अधिक रही। इस प्रकार, अक्टूबर का महीना पूरे राज्य में सामान्य से अधिक नमी और वर्षा वाला साबित हुआ।
Location : Lucknow
Published : 2 November 2026, 7:39 AM IST