
यूपी में मौसम का अपडेट (Img: AI Generated Image)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मानसून की चाल कुछ बदली-बदली नजर आ रही है। कहीं बादल छा रहे हैं तो कहीं अचानक धूप निकल रही है। सोमवार को भी कई इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और करीब 10 बजे कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, मौसम विभाग के ताजा अनुमान ने आगे के मौसम को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और पीलीभीत समेत आसपास के इलाकों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, बाराबंकी, बरेली और शाहजहांपुर में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार के बाद प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम होने लगेंगी। बुधवार से लखनऊ समेत पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। बारिश रुकने के बाद तापमान बढ़ सकता है और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। यानी अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बारिश से बदलकर गर्म और उमस भरा हो सकता है।
ये भी पढ़ें- Weather Alert: आसमान में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
बारिश का सबसे ज्यादा असर बरेली में देखने को मिला। पिछले 24 घंटे के दौरान यहां 381.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो इस सीजन में अब तक की सबसे अधिक बारिश बताई गई है। शाहजहांपुर में 227 मिलीमीटर, बहराइच में 175 मिलीमीटर, लखीमपुर में 156 मिलीमीटर, एटा में 135 मिलीमीटर, कन्नौज में 110 मिलीमीटर, सिद्धार्थ नगर में 102 मिलीमीटर और मुरादाबाद में 90.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
शाहजहांपुर में भी इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव जैसी स्थिति बनने की संभावना बनी हुई है।
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान में अगले कुछ समय में करीब तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। बारिश के दौरान सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ये भी पढ़ें- Weather Update: इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए अपने राज्य का मौसम का ताजा हाल
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 से 7 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बारिश हुई। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। पूरे प्रदेश की बात करें तो इस अवधि में बारिश सामान्य से करीब 1 प्रतिशत अधिक रही।
Location : Lucknow
Published : 8 September 2026, 9:52 AM IST