हिंदी
यूपी में मौसम का अनोखा मिजाज (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून की आधिकारिक विदाई के बाद भी मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में एक तरफ जहां धूप खिल रही है, वहीं दूसरी तरफ कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ रही हैं।
सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 9 अक्टूबर को प्रदेश के 22 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सहारनपुर से लेकर चंदौली तक के सीमावर्ती इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जिन जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया है उनमें सहारनपुर, शामली, मुज़फ़्फ़रनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, मऊ, बलिया, गाज़ीपुर, चंदौली और सोनभद्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के नोएडा, गाजियाबाद समेत राजधानी लखनऊ, कानपुर, आगरा और वाराणसी में आज धूप खिली रहेगी।
इन इलाकों में बादलों की आवाजाही नहीं होगी और मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। हाल ही में आगरा में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा झांसी, अलीगढ़ और प्रयागराज में भी पारा काफी ऊपर रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है। इस वजह से हवा में नमी बनी हुई है और रह-रहकर छिटपुट बारिश देखने को मिल रही है।
IMD का कहना है कि 11 अक्टूबर तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में कहीं हल्की बूंदाबांदी तो कहीं शुष्क मौसम का मिला-जुला असर बना रहेगा। हालांकि, विभाग ने किसी भी जिले के लिए भारी बारिश की कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की है।
प्रदेश भर में चल रही मौसमी गतिविधियों की वजह से आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास बना रहेगा।
Location : Lucknow
Published : 9 October 2026, 7:57 AM IST