
बारिश से बदला उत्तर प्रदेश का मौसम
Lucknow: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। दिन में भी हवाओं की रफ्तार बढ़ने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 8 अक्टूबर को पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी के भी कुछ जिलों में एक-दो जगह हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने करीब 25 जिलों में तेज हवाओं का अनुमान जताया है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे प्रदेश में मौसम और ठंडा महसूस होगा।
आज लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, जौनपुर, संत रविदास नगर, वाराणसी, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ और बलिया में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट बताया गया है।
सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा उन्नाव, रायबरेली, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, गोरखपुर, बस्ती और संत कबीर नगर में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
बारिश और तेज हवाओं के कारण अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों के दौरान बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
UP में बदलने वाली है मौसम की चाल, आज से भारी बारिश और 50 KM रफ्तार से चलेंगी आंधी हवाएं
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और धूप का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद 11 अक्टूबर से बारिश पर ब्रेक लगने की संभावना है और प्रदेश में मौसम के शुष्क होने का अनुमान है। ऐसे में फिलहाल लोगों को तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
Location : Lucknow
Published : 8 October 2026, 8:14 AM IST