UP Weather: यूपी में मौसम का बड़ा यू-टर्न! आंधी, बारिश और बिजली का अलर्ट, जानिए आपके जिले का हाल

केरल में मानसून की एंट्री के बाद उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर का मौसम बदल गया है। IMD ने कई जिलों में आंधी, बारिश, बिजली गिरने और 60-70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 5 June 2026, 7:56 AM IST

Lucknow: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 4 जून को केरल में दस्तक दे दी है। हालांकि मानसून सामान्य तिथि से करीब तीन दिन की देरी से पहुंचा, लेकिन इसके प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। इसका असर उत्तर भारत, खासकर उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को कई क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई।

दिल्ली-एनसीआर में छाए बादल, बारिश की संभावना बरकरार

शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और नमी से भरपूर हवाओं का प्रभाव अभी जारी है। इसके चलते दिनभर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के दौर देखने को मिल सकते हैं। कई इलाकों में हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।

पश्चिमी यूपी में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, मुरादाबाद और अमरोहा में बादलों की गरज, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

Delhi Weather: दिल्ली का मौसम हुआ मेहरबान, तेज बारिश और 60 किमी की रफ्तार वाली हवाओं ने दिलाई राहत

मध्य यूपी के जिलों में भी बरसेंगे बादल

लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली, बाराबंकी और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी और आसपास के क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज झोंके चल सकते हैं।

पूर्वी यूपी में भी सक्रिय रहेगा मौसम

पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर और गाजीपुर सहित कई जिलों में बारिश और गरज-चमक का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में भी तूफानी गतिविधियों की संभावना जताई है।

UP Weather Update: यूपी के कई जिलों में तूफानी बारिश का कहर, IMD ने जारी किया अलर्ट

तापमान में आएगी गिरावट, लोगों को मिलेगी राहत

लगातार आंधी और बारिश की गतिविधियों के चलते उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।

Location :  Lucknow

Published :  5 June 2026, 7:56 AM IST