
पूरे राज्य में बरसेंगे बदरा (सोर्स- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान का असर अब उत्तर प्रदेश पर भी साफ तौर पर दिखाई देने वाला है। मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के मुताबिक, 28 अक्टूबर से प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की आशंका है। इस बदलाव से राज्य में गुलाबी सर्दी और अधिक गहरी होगी तथा तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान का दायरा अब आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, यह तूफान पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों से होता हुआ झारखंड और दक्षिण बिहार के रास्ते आगे बढ़ रहा है। इसी मौसमी तंत्र के प्रभाव से 28 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम का रुख पूरी तरह बदल जाएगा।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के दौरान पूर्वांचल के जिलों में बादल बरसेंगे, जबकि 29 अक्टूबर से लेकर 31 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलेंगी और कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चेतावनी भी जारी की गई है।
चक्रवाती तूफान का सबसे पहला असर दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों पर देखने को मिलेगा।
28 अक्टूबर का अलर्ट: सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, बलिया, संत रविदास नगर (भदोही) और गाजीपुर समेत आसपास के इलाकों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
29 अक्टूबर का विस्तार: इस दिन बारिश का दायरा काफी बढ़ जाएगा। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में भारी बारिश की संभावना के अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, अमेठी, महराजगंज, रायबरेली, जौनपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर तथा इनसे सटे इलाकों में भी बदरा बरसने के पूरे आसार हैं।
राजधानी लखनऊ में इन दिनों सुबह के वक्त हल्की धुंध देखने को मिल रही है, जिसके बाद दिन में मौसम साफ हो जाता है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दूसरी ओर, वाराणसी (बनारस) में पिछले कुछ दिनों से दिन के समय तेज धूप खिल रही है, लेकिन रात होते ही सिहरन महसूस होने लगी है। तापमान में लगातार आंशिक गिरावट आ रही है। यहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मानसून की विदाई के बाद उत्तर प्रदेश में अब 'गु गुलाबी सर्दी' ने अपनी दस्तक दे दी है। दिन में खिलने वाली तेज धूप के बावजूद शाम ढलते ही तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। आधी रात से लेकर सुबह के वक्त तक लोगों को अच्छी खासी ठंड और सिहरन का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग का मानना है कि 28 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस बारिश और आंधी के दौर के बाद तापमान में और अधिक गिरावट आएगी, जिससे राज्यभर में ठंड का असर काफी बढ़ जाएगा।
Location : Lucknow
Published : 25 October 2026, 7:58 AM IST
Topics : heavy rain in up IMD Alert Uttar Pradesh up weather news Uttar Pradesh Weather Update Weather Update