नोएडा-गाजियाबाद में सुबह से बरस रहे बदरा, यूपी के इन जिलों पर मंडरा रहा भारी बारिश का खतरा

UP Weather 22 Aug: उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में सुबह बारिश हुई। IMD ने कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। वहीं, नदियों के उफान से प्रदेश के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 22 August 2026, 8:03 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। शनिवार सुबह नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में बारिश ने मौसम बदल दिया। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है।

25 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं उत्तर प्रदेश की ओर आ रही हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश में 25 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, प्रयागराज और मिर्जापुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यूपी में बाढ़ का बढ़ता खतरा

लगातार बारिश के बीच उत्तर प्रदेश की नदियां उफान पर हैं। गंगा और घाघरा समेत छह नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रदेश के 13 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और एक लाख से अधिक लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है।

Jhansi: हाई-वे पर बने गड्ढे ने निगली एक परिवार की खुशियां, जिम्मेदारों पर सवाल

प्रयागराज से बहराइच तक पानी ही पानी

प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रिवर फ्रंट रोड भी पानी में डूब गई है। वहीं, वाराणसी में गंगा का पानी घाटों तक पहुंच चुका है। काशी विश्वनाथ मंदिर का गंगा द्वार बंद कर दिया गया है। बहराइच के कई गांव भी जलमग्न हो गए हैं।

वाराणसी में घाट डूबे, छतों पर हो रहा अंतिम संस्कार

वाराणसी में मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थल पानी में डूब गए हैं। हरिश्चंद्र घाट पर गलियों और सीढ़ियों के पास अंतिम संस्कार किया जा रहा है, जबकि मणिकर्णिका घाट पर छत पर अंतिम संस्कार की स्थिति बनी हुई है। दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती भी छत पर कराई जा रही है। नमो घाट भी जलमग्न है।

नहर में बह रहे युवक को पुलिस और फायर टीम ने बचाया, अंधेरी रात में किया साहसिक रेस्क्यू

लखनऊ में बारिश से जलभराव और जाम

लखनऊ में भी तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई। दारुलशफा विधायक निवास में पानी भर गया, जबकि मरीन ड्राइव पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। कई स्कूटी और बाइक पानी में बंद हो गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बारिश के बीच पुलिसकर्मियों ने पेंट मोड़ पर वाहनों को निकलवाकर जाम खुलवाया।

Location :  Lucknow

Published :  22 August 2026, 8:03 AM IST