
दो शातिर गिरफ्तार
Lucknow : उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उन दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह लोगों को शेयर बाजार और नामी कंपनियों में निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर करीब 80 लाख रुपये की ठगी कर चुके थे। यह पूरा नेटवर्क सोशल मीडिया और फर्जी बैंक खातों के जरिए लोगों को फंसाकर लगातार ठगी कर रहा था।
स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एक संगठित गिरोह लोगों को शेयर मार्केट और निवेश स्कीम के नाम पर धोखा दे रहा है। जांच के बाद साइबर क्राइम थाना लखनऊ में मामला दर्ज किया गया और एसटीएफ की टीम को जांच में लगाया गया।
एसटीएफ और साइबर क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में मध्य प्रदेश के भोपाल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सिरमोहर धाकड़ और पवन कुमार तिवारी शामिल हैं। दोनों को थाना हबीबगंज क्षेत्र से दबोचा गया। पूछताछ के बाद इनके पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। जिसके बाद इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप कॉल के जरिए लोगों से संपर्क करता था। लोगों को शेयर बाजार में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया जाता था। जब लोग पैसे लगाने को तैयार हो जाते थे, तो उनसे रकम फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई जाती थी, जो अलग-अलग नामों पर खोले गए होते थे। इसके बाद पैसा गिरोह के सदस्यों में बांट लिया जाता था।
गोरखपुर भेजा जा रहा था गांजा… यूपी एसटीएफ ने तस्करों को उनकी साजिश करते ही धर दबोचा
एसटीएफ की जांच में यह भी सामने आया कि कई बैंक खाते खास तौर पर साइबर फ्रॉड के पैसे को छिपाने, ट्रांसफर करने और निकालने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। पुलिस को शक है कि इस गिरोह के पीछे और भी कई लोग जुड़े हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच भी तेज कर दी गई है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
Location : Lucknow
Published : 20 May 2026, 8:35 PM IST