UP SDM Attack: बाढ़ राहत तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे SDM पर हमला, DM Anunay Jha की Warning

हरदोई के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के परियल गांव में सोमवार शाम बाढ़ राहत तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। घटना में एसडीएम के सिर में गंभीर चोट आई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 9 June 2026, 3:21 PM IST

Hardoi: हरदोई के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के परियल गांव में सोमवार शाम बाढ़ राहत तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। घटना में एसडीएम के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उनके सिर में पांच टांके लगाए हैं।

प्रधान के पुत्र से पूछताछ के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, एसडीएम सोमवार शाम करीब 4:30 बजे गांव में आगामी 11 जून को प्रस्तावित बाढ़ राहत मॉक ड्रिल की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अन्नपूर्णा भवन और राहत राहत केंद्र (RRC) का निरीक्षण किया। इसी दौरान आरआरसी में दो दरवाजे न लगे होने को लेकर प्रधान के पुत्र उदयवीर राजपूत से सवाल किया गया।

बताया जाता है कि सवाल पूछे जाने पर उदयवीर आक्रामक हो गया। स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम ने उसे अपने पास बैठा लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

फोन पर जुटी भीड़, एसडीएम को घेरा

आरोप है कि उदयवीर ने फोन कर गांव के लोगों और महिलाओं को मौके पर बुला लिया। कुछ देर तक बातचीत के बाद माहौल शांत हो गया और एसडीएम वहां से रवाना होने लगे। इसी दौरान भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया।

पथराव में एक पत्थर एसडीएम के सिर में जा लगा, जिससे वे घायल हो गए। उनके सहयोगियों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचाया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया घटना का संज्ञान

घटना की सूचना मिलते ही एडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीएम को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे।

आरआरसी और अन्नपूर्णा भवन को लेकर जताई थी नाराजगी

सूत्रों के मुताबिक निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने आरआरसी में दरवाजे न लगे होने और अन्नपूर्णा भवन का शटर बंद मिलने पर फोटो खींचकर बीडीओ शाहाबाद को भेजी थी। बीडीओ ने बताया कि आरआरसी का भुगतान पूरा हो चुका है और भवन ग्राम पंचायत को हैंडओवर किया जा चुका है, जबकि अन्नपूर्णा भवन का हैंडओवर अभी नहीं हुआ है।

भुगतान पूरा होने के बावजूद कार्य अधूरा मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई थी, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।

भाजपा से जुड़े हैं प्रधान के पति

परियल गांव की प्रधान शिवरानी हैं। उनके पति लालाराम राजपूत जिला पंचायत सदस्य हैं और वर्तमान में भाजपा से जुड़े हुए बताए जाते हैं। लालाराम लगातार तीसरी बार जिला पंचायत सदस्य हैं। घटना के बाद उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

डीएम बोले- दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी अनुनय झा ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Location :  Hardoi

Published :  9 June 2026, 3:21 PM IST