अब राशन कम मिला तो मौके पर ही पकड़ी जाएगी चोरी! तौल मशीन लेकर दुकानों पर पहुंचेंगे DSO, कोटेदारों की बढ़ेगी मुश्किल

उत्तर प्रदेश में राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर है। सरकारी राशन की दुकानों पर घटतौली और गड़बड़ी रोकने के लिए सरकार ने जांच का तरीका बदल दिया है। अब जिला पूर्ति अधिकारी खुद तौल मशीन लेकर दुकानों पर पहुंचेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 November 2026, 5:59 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में राशन कार्ड धारकों को मिलने वाले गेहूं और चावल में घटतौली की शिकायतों पर अब अधिकारियों की सीधी नजर रहेगी। सरकारी राशन की दुकानों पर होने वाली गड़बड़ी रोकने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग ने जांच व्यवस्था को और सख्त करने का फैसला लिया है। अब जिला पूर्ति अधिकारी केवल कागजों में जांच नहीं करेंगे, बल्कि अपने साथ तौल मशीन लेकर राशन की दुकानों पर पहुंचेंगे। इससे मौके पर ही पता लगाया जा सकेगा कि लाभार्थियों को तय मात्रा में राशन मिल रहा है या नहीं।

सप्ताह में तीन दिन दुकानों पर होगी जांच

खाद्य एवं रसद और नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पाण्डेय ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ निर्देश दिए कि राशन वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सप्ताह में कम से कम तीन दिन अपने क्षेत्र में जाकर सरकारी राशन की दुकानों का निरीक्षण करें। जांच के दौरान अधिकारी अपने साथ तौल मशीन भी लेकर जाएंगे। इससे राशन कार्ड धारकों को दिए जा रहे गेहूं और चावल का वजन मौके पर ही जांचा जा सकेगा।

इस व्यवस्था का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि लाभार्थियों को जितना राशन मिलना चाहिए, उन्हें उतना ही मिले। अगर कहीं कम राशन देने की शिकायत सामने आती है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जा सकेगी।

ये भी पढ़ें- ‘युवा और महिलाओं के नाम हर हाल में जुड़ें’, वोटर लिस्ट को लेकर मंडलायुक्त सख्त; इस बूथ पर नहीं मिला एक भी BLA

अवैध वसूली और खराब राशन पर भी सख्ती

समीक्षा बैठक में मंत्री मनोज पाण्डेय ने कोटेदारों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड धारकों से किसी भी तरह की अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे कोटेदारों की बैठक बुलाएं और उन्हें लाभार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार करने के लिए समझाएं। इसके अलावा राशन की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

मंत्री ने साफ किया कि किसी भी लाभार्थी को खराब गुणवत्ता वाला खाद्यान्न नहीं दिया जाना चाहिए। दुकानों की नियमित जांच होनी चाहिए और निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों के साथ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मंत्री कार्यालय को भी भेजी जाए।

9,023 अन्नपूर्णा भवन बनकर तैयार

बैठक में प्रदेश में बन रहे अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक प्रदेश में 9,023 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं, 1,373 भवनों पर अभी काम चल रहा है। मंत्री ने निर्माणाधीन भवनों का काम तय समय के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि इनका लाभ लोगों को मिल सके।

95.04 प्रतिशत राशन कार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी

राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी और नए राशन कार्ड के आवेदनों की स्थिति भी बैठक में सामने रखी गई। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 95.04 प्रतिशत राशन कार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। मंत्री ने बाकी बचे सदस्यों की ई-केवाईसी जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। इसके लिए अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें- ‘फर्जी पैथोलॉजी रिपोर्ट बनाई तो अस्पताल की खैर नहीं’, योगी सरकार का बड़ा एक्शन; हर जांच रिपोर्ट पर डॉक्टर के साइन जरूरी

शिकायतों और लंबित आवेदनों पर भी नजर

मंत्री ने अलग-अलग पोर्टलों पर दर्ज जनशिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतों और लंबित आवेदनों का तय समय के भीतर निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही जिन राशन दुकानों को निलंबित या रद्द किया गया है, उनकी जगह नई व्यवस्था करने की प्रगति भी जांची गई।

Location :  Lucknow

Published :  28 November 2026, 5:59 PM IST