
पूरे यूपी में झमाझम बारिश (Img- Envato)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह मेहरबान है और बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण बारिश की रफ्तार और तेज हो गई है। मौसम विभाग (IMD) ने 2 सितंबर के लिए चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आगरा से लेकर प्रयागराज तक प्रदेश के लगभग 28 जिलों में भारी बारिश, बिजली कड़कने और बादल गरजने का बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर अब उत्तर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि बारिश का यह सिलसिला पूर्वी और पश्चिमी दोनों इलाकों में जारी रहेगा, लेकिन अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने जिन प्रमुख जिलों में मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी दी है, उनमें आगरा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कानपुर, रायबरेली, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल हैं।
नैनीताल में लगातार बारिश से प्रशासन अलर्ट, करीब दो दर्जन ग्रामीण सड़कें बंद
इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बरेली और लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में भी तेज गरज के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है।
लगातार हो रही बारिश के कारण अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
पूर्वांचल में 5 सितंबर तक बारिश की गति थोड़ी धीमी रहेगी, लेकिन 6 सितंबर से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा और पूर्वी यूपी के जिलों को सराबोर करेगा।
Location : Lucknow
Published : 2 September 2026, 7:52 AM IST
Topics : IMD Alert Monsoon 2026 UP News UP Weather Weather Update