
UP पुलिस भर्ती परीक्षा 2026
Deoria: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती आरक्षी सीधी लिखित परीक्षा की प्रथम पाली में सोमवार को जिले मे कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर 29952 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। जिसमें महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, बीआरडी इंटर कॉलेज देवरिया, एसएसबी इंटर कॉलेज देवरिया, महिला पीजी कॉलेज देवरिया, सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी।
भीषण गर्मी से परेशान दिखे अभिभावक
वही सुबह से ही गर्मी पड़ रही है। पहले ही दिन प्रचंड गर्मी और उमस ने अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावकों की भी मुश्किलें बढ़ा दीं। परीक्षा केंद्रों के बाहर घंटों इंतजार कर रहे अभिभावक तेज धूप में छांव की तलाश करते नजर आए।
कई केंद्रों पर पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था न होने से अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर चढ़ने के साथ तापमान बढ़ता गया और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। कई अभिभावक अपने बच्चों के परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने का इंतजार करते हुए पेड़ों और दुकानों की आड़ में समय बिताते दिखे।
अभ्यर्थियों का उत्साह भीषण गर्मी से पड़ा फीका
अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा को लेकर उत्साह तो था, लेकिन भीषण गर्मी ने उनकी परीक्षा से पहले ही कठिन परीक्षा ले ली। वहीं अभिभावकों का कहना था कि प्रशासन को गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त छायादार स्थान, पेयजल एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था करनी चाहिए थी।
हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई। इसके बावजूद भीषण गर्मी पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही और अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी गर्मी से हलकान नजर आए।
परीक्षा दो पाली में होनी है एक सुबह 10:00 बजे से 12:00 तक तथा, दूसरा 3:00 से 5:00 तक होगी। यह परीक्षा दिनांक 8, 9, 10, तारीख तक चलेगी।
Location : Deoria
Published : 8 June 2026, 2:30 PM IST
Topics : Deoria Maharaja Agrasen Inter College UP Police exam 2026 UP Police exam Update UP Police Recruitment Exam