
यूपी की सभी खबरें एक साथ
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश के बलिया में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। जिले की 350 मस्जिदों में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 31 संवेदनशील इलाकों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। एसपी और डीएम खुद मुस्तैद रहकर मस्जिदों की सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते रहे।
मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र में एक परिवार ने खराब AC को ई-रिक्शा पर रखकर उसका ‘जनाजा’ निकाला और विरोध प्रदर्शन किया। परिवार का आरोप है कि एक साल से AC खराब है और शिकायत के बावजूद ठीक नहीं किया गया। प्रदर्शन जब उस दुकान के पास पहुंचा जहां से AC खरीदा गया था, तो दोनों पक्षों में हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और दुकानदार को हिरासत में लिया। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों को थाने बुलाकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिजनौर में चोरी की सूचना पर चोर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाया गया और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हमले में पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। स्थिति बिगड़ने पर दरोगा ने सुरक्षा के मद्देनजर पिस्टल निकाली। मौके पर भारी हंगामे और पुलिस के साथ बदतमीजी की भी बात सामने आई है। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
शाहजहांपुर में ईद-उल-अजहा की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदा की गई। नमाजियों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और व्यवस्था शांतिपूर्ण बनी रही।
ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में हुए निक्की हत्याकांड ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में पीड़िता की बहन कंचन, जो पहले न्याय की मांग को लेकर सबसे मुखर थी, उसने कोर्ट में जाकर अपने पुराने आरोपों से अलग बयान दिए। बताया जा रहा है कि कंचन पिछले दो बार कोर्ट में पेश नहीं हुई थी, लेकिन इस बार उपस्थित होकर उसने पक्षद्रोही बयान दिए, जिससे केस की दिशा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में बकरीद का त्योहार अकीदत और शांति के साथ मनाया गया। जिले की 84 ईदगाहों और 282 मस्जिदों में भारी भीड़ उमड़ी, जहाँ लोगों ने देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और 4 सुपर जोन व 39 सेक्टरों में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
वाराणसी में बकरीद के पर्व पर नमाजी जामा मस्जिद पहुंचे और ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। मस्जिद के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अति संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात रही। मस्जिदों के भीतर वॉल्यूम को मानक के अनुसार नियंत्रित रखा गया। नमाजियों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
नोएडा में ईद-उल-अजहा को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सभी थाना प्रभारी, एसीपी और वरिष्ठ अधिकारी सतर्क हैं और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। डॉग स्क्वायड और ड्रोन कैमरों की मदद से लगातार निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है ताकि किसी तरह की अफवाह न फैले। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर बिज पार्क में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में आग लग गई। यह वही परिसर है जहां गौर संस बिल्डर का कॉर्पोरेट ऑफिस भी स्थित है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गई। बताया जा रहा है कि इसी सोसाइटी में पहले भी आग लगने की घटनाओं में कई फ्लैट्स जल चुके हैं। मामले में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
रायबरेली के डलमऊ तहसील के सडबरा मोड़ के पास प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम पराली जलाई जा रही है। पराली जलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। सरकारी आदेशों के बावजूद किसान नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। पराली जलाने से प्रदूषण फैल रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अमरोहा में ईद-उल-अजहा के मौके पर लोगों ने ईदगाह पर नमाज अदा की। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैनात रहा। अमरोहा ईदगाह पर डीएम और एसपी लगातार निगरानी करते नजर आए। वहीं नौगांवा में एएसपी और एडीएम ने व्यवस्था की मॉनिटरिंग की, जिससे नमाज शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सकी।
संभल में बकरीद का त्योहार हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है। जनपद में 838 स्थानों पर ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे जिले में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो सके।
अलीगढ़ में 600 रुपये के विवाद को लेकर हुई मौत के मामले में नया खुलासा सामने आया है। CO के अनुसार पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया, जिसमें मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है। रिपोर्ट में क्रोनिक लीवर और लंग डिजीज के कारण हृदयघात होने की पुष्टि हुई है। CO ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की नई चोट नहीं मिली है। हालांकि मृतक की पत्नी और भाई ने पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया था।
हापुड़ के पिलखुआ कोतवाली क्षेत्र में LBS कम्प्यूटर संस्थान के संचालक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। संस्थान की बिल्डिंग की छत का प्लास्टर गिरने से कई छात्र घायल हो गए थे। एक छात्र के सिर में गंभीर चोट आई, जहां कई टांके भी लगाए गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी संचालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के माचा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग घायल हो गए। मामले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ में बसपा अध्यक्ष मायावती ने बकरीद के अवसर पर देशवासियों और मुस्लिम भाई-बहनों को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी। उन्होंने सभी की खुशहाली और तरक्की की कामना की। साथ ही उन्होंने त्योहार को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील भी की।
मैनपुरी में ईद-उल-अजहा की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। आगरा रोड स्थित ईदगाह में अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और ईदगाह परिसर व आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी में रहे, जबकि वालंटियर ने भी व्यवस्था संभाली। खुले में कुर्बानी को लेकर प्रशासन ने विशेष निगरानी रखी और लोगों से गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया।
औरैया में कानपुर-इटावा हाईवे पर मिहोली के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। डंपर ने हाइवे पेट्रोल वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में यातायात दरोगा दिनेश भदौरिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलिस वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सिपाही मनोज कुमार और चालक सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने डंपर और उसके चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फर्रुखाबाद में ईद-उल-अजहा का पर्व बड़े हर्षोल्लास, अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। जनपद के गांव और कस्बों में सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों में नमाज के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर देश और दुनिया में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। ईदगाह जाने से पहले लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी। गांव ईसापुर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खास उत्साह देखने को मिला। इमाम साहब ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है और आपसी मेलजोल बनाए रखने की अपील की।
देवरिया में बकरीद का त्योहार पूरे हर्षोल्लास, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों एवं ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने अल्लाह की इबादत कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। देवरिया में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली।
कोल्हुई (महराजगंज) में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। क्षेत्र की 60 से अधिक मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोनारी गली स्थित अहलेहदीस मस्जिद में सुबह सात बजे ईद की नमाज अदा की गई, जहां लोगों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। धर्मगुरुओं ने साफ-सफाई और सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील की।
मुज़फ्फरनगर में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने जाहिद और वकीलुद्दीन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक फोटो और पोस्ट डाली थी। पुलिस ने जाहिद को ढासरी से और वकीलुद्दीन को रुड़कली से गिरफ्तार किया। बताया गया कि बकरा ईद पर कुर्बानी को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।
बहराइच में घाघरा नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 5 युवक डूब गए, जिनमें से 2 युवकों को ग्रामीणों ने बचा लिया, जबकि 2 युवक लापता हैं और एक युवक की लाश बरामद की गई है। मामले में मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मौके पर NDRF, SDRF, गोताखोर और पुलिस टीम मौजूद है और लापता युवकों की तलाश जारी है।
हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में गर्भवती महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। जादू-टोने के आरोप में महिला की पिटाई कर उसे घायल करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मेरठ में SP सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने सख्त कार्रवाई करते हुए बकरीद से पहले गैंगस्टर सलमान के घर पर दबिश दी। पुलिस फोर्स के साथ इस्माइल नगर में फुट मार्च किया गया और सलमान के भाई आमिर को कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस ने कहा कि “भाई को समझा देना, कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा” और “कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने पर सख्त कार्रवाई होगी।”
जालौन में धर्म परिवर्तन कराने के कथित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में मुख्य सरगना के नाम मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि अन्य लोगों पर भी केस दर्ज हुआ है। ग्रामीणों से भरी एक बस को पुलिस ने पकड़ा, जिसे पहले विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने रोककर पुलिस के हवाले किया। बस में महिलाओं समेत करीब दो दर्जन लोग सवार थे।
महराजगंज जिले में आधे से ज्यादा पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं। कई पंपों पर डीजल-पेट्रोल नहीं होने के बैनर लगाए गए हैं। प्रशासन ने 24 घंटे पेट्रोल पंप खुले रखने का आदेश दिया है, लेकिन तेल खत्म होने के कारण पंप संचालकों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। कई पेट्रोल पंपों पर लाइट बंद कर कर्मचारी भी नदारद मिले। वहीं जरूरतमंद लोग पंप बंद देखकर वापस लौटने को मजबूर हैं।
झांसी में नवाबाद थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 25 हजार के इनामी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और 10,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया गया।
आजमगढ़ में पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर डीआईजी आजमगढ़ ने इनाम घोषित किया था। निजामाबाद क्षेत्र में उसके खिलाफ चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और 310 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में हुए निक्की हत्याकांड में बड़ा मोड़ सामने आया। निक्की की बहन कंचन, जो अब तक सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर बहन को न्याय दिलाने की सबसे मुखर आवाज बनी हुई थी, उसने कोर्ट में जाकर अपने पुराने आरोपों से अलग बयान दे दिए। बताया जा रहा है कि कंचन पिछले दो मौकों पर कोर्ट में बयान दर्ज कराने नहीं पहुंची थी, लेकिन बुधवार को पेश होकर उसने पक्षद्रोही बयान दिए।
उत्तर प्रदेश के जालौन में कथित धर्म परिवर्तन के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। विश्व हिंदू परिषद की सूचना पर पुलिस ने ग्रामीणों से भरी एक बस को पकड़ा है। महिलाओं समेत दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिन्हें लालच देकर मदारीपुर से लखनऊ ले जाया जा रहा था। मुख्य सरगना सहित अन्य पर केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को दिनभर तेज गर्मी और लू का असर रहेगा, लेकिन शाम से मौसम बदलने लगेगा। रात तक आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं सीतापुर, गोरखपुर, अयोध्या, मऊ और बलिया में भी अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, कानपुर, बहराइच समेत कई जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है। मौसम में यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों का असर माना जा रहा है।
पढ़ें पूरी खबर
UP Weather Alert: यूपी में बदलने वाला है मौसम, कई जिलों में बारिश का बड़ा अलर्ट, IMD ने दी चेतावनी
Location : Lucknow/New Delhi
Published : 28 May 2026, 7:53 AM IST