
यूपी की सभी खबरें पढ़ें एक खबर और क्लिक में (Img: Dynamite News)
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
मुजफ्फरनगर जिले में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया गया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित डीएवी डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक एडिट किया हुआ आधार कार्ड लेकर परीक्षा देने पहुंचा। जांच में उसकी पहचान बुलंदशहर निवासी गजेंद्र शर्मा के रूप में हुई है।
सुरक्षा जांच के दौरान दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी फर्जी पहचान के जरिए कांस्टेबल परीक्षा में शामिल होने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
मथुरा जिले के एनएच-19 स्थित जैत कट पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में करीब 25 श्रद्धालु घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
बरेली में हवाला कारोबार के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बारादरी थाना पुलिस ने हजियापुर कोल डिपो के पास से आरोपी मोईन को गिरफ्तार किया है, जो अपने भाई के साथ मिलकर अवैध हवाला कारोबार चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 3 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जिससे अवैध लेन-देन की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार, इस पूरे हवाला नेटवर्क का खुलासा एसएसपी द्वारा पहले ही किया जा चुका था, जिसके बाद पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई थी। इससे पहले इस मामले में दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपी के पास से मंडी समिति का लाइसेंस और फर्म सर्टिफिकेट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी है और आगे की पूछताछ जारी है।
ललितपुर जिले में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला है। सदर कोतवाली क्षेत्र के करगन गांव में बारात से लौटते समय हुई मारपीट की घटना के बाद एक युवक की हत्या से मामला गंभीर हो गया है। लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार नाराज है।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घंटाघर पर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया और अनशन पर बैठ गए। करीब दो दर्जन ग्रामीण इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं, जो आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस कार्रवाई में लापरवाही बरती जा रही है।
इधर, देलवारा चौकी इंचार्ज ललित उज्ज्वल पर भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। मौके पर स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों की नजर बनी हुई है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एग्जोटिका ड्रीम विले सोसायटी में एक फ्लैट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार फ्लैट में पूजा-अर्चना के बाद दीपक जलाया गया था, जिसके कारण आग भड़क गई। आग लगते ही सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटना बिसरख कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रेसवार्ता आयोजित कर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के एक-एक विभाग में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान नेताओं ने कहा कि सरकारी विभागों में PDA के हक में डकैती डाली जा रही है और उन्हें उनका उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। सपा ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए PDA वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
उन्नाव में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाते हुए 9 डम्परों को सीज कर दिया, जबकि 16 वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान 6 लाख 18 हजार रुपये का राजस्व भी वसूला गया। प्रशासन की यह कार्रवाई दही, बिहार, बक्सर और गंगा घाट क्षेत्र में की गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्नाव के गंगाघाट जाजमऊ चौकी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक एसबीआई बैंक कर्मचारी भी शामिल बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
सीतापुर के नैमिषारण्य स्थित राजघाट पर एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय किशोर की गोमती नदी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सुमित अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, तभी नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और शव की तलाश व आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बहराइच के थाना सुजौली क्षेत्र में तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, एक युवती पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और किसी तरह शोर मचाकर तेंदुए को भगाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए। घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग और पुलिस टीम मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पत्नी को परीक्षा दिलाने के लिए आया था, जो यूपी पुलिस परीक्षा में शामिल होने पहुंची थी। इसी दौरान उसे गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि दोनों ने कुछ समय पहले लव मैरिज की थी, और घटना को प्रेम विवाह से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक की पत्नी ने अपने ही परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामले में हर पहलू की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
कानपुर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां क्राइम ब्रांच और पश्चिम जोन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये की अवैध मादक पदार्थों की खेप बरामद की है। पुलिस ने एक ट्रक को भी जब्त किया है, जिसमें भारी मात्रा में नशीले पदार्थ छिपाकर ले जाए जा रहे थे।
बहराइच के थाना खैरीघाट क्षेत्र के गुजराती पुरवा में ट्रांसफार्मर सही करने के दौरान एक विद्युत कर्मी करंट लगने से बुरी तरह झुलस गया। जानकारी के अनुसार, कर्मी जब ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा था, उसी दौरान अचानक सप्लाई चालू हो जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पीड़ित ने विभाग में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि सप्लाई जानबूझकर चालू की गई, जिससे उसकी जान को खतरा पैदा हुआ। फिलहाल घायल कर्मी का इलाज चल रहा है और मामले की जांच की मांग की जा रही है।
उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टोला में एक मंदिर के साधु की धारदार हथियार से निर्मम हत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, एक युवक पर चाकू से हमला कर साधु की हत्या करने का गंभीर आरोप है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
चंदौली के अलीनगर क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 03 मुगलचक में सूखी खरपत और झाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद मृतक की पहचान देशराज के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हापुड़ में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा हादसा हुआ है। इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक साथ दो परिवारों की खुशियां छीन ली। बाबूगढ़ क्षेत्र के बछलौता फ्लाईओवर के पास हाईवे पर खड़े एक ट्रक से बाइक टकराने के बाद दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हापुड़ के बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो युवकों की जान ले ली। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे बाइक सीधे ट्रक के नीचे घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया, जहां एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नर्स के रूप में कार्यरत युवती जॉगर्स चौराहा पार कर रही थी, तभी वह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि मौरंग से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर युवती के ऊपर पलट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कानपुर के सीसामऊ थाना क्षेत्र में संगीत टॉकीज के सामने स्थित एक कुर्सी के गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस और प्रशासनिक टीम भी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र में कक्षा 2 की दलित छात्रा से दुष्कर्म के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में भीम आर्मी और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना प्रदर्शन करते हुए थाना घेर लिया और मौके पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा भी किया। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी फरमान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके अवैध निर्माण पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए घर को ध्वस्त कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ग्रेटर नोएडा के 44 गांवों के किसानों ने शेष 4 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड की मांग को लेकर प्राधिकरण कार्यालय पर मौन जुलूस और प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश और प्राधिकरण के बोर्ड प्रस्तावों के बावजूद उन्हें अब तक पूरा लाभ नहीं मिला है। प्रदर्शन के बाद किसानों ने ओएसडी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक महिला के नहर में कूद जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बाजार से घर लौट रही 46 वर्षीय महिला ने अचानक निचली गंग नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई, लेकिन देर रात तक महिला का कोई पता नहीं चल सका।
आम आदमी पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के चार राज्यों में एक साथ छापेमारी की है। इस अचानक हुए एक्शन से दिल्ली, नोएडा समेत कई शहरों में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसी ने कई ठिकानों पर दबिश देकर अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत जुटाने की कोशिश की है।
अगर आपके घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा पहले से है, तो अब एलपीजी सिलेंडर रखना महंगा पड़ सकता है। पेट्रोलियम मंत्रालय के सख्त निर्देशों के बाद पूर्ति विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जिनके पास दोनों तरह के गैस कनेक्शन चल रहे हैं। जिले में 50 हजार से अधिक ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके एलपीजी कनेक्शन निलंबित कर दिए जाएंगे। यह कदम सरकारी सब्सिडी के दुरुपयोग को रोकने और सिस्टम को पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है।
महराजगंज में मानसून और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए सिंचाई विभाग ने बाढ़ पूर्व तैयारियां तेज कर दी हैं। नेपाल से आने वाली नदियों के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर संवेदनशील तटबंधों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
कुशीनगर के सेवरही थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो सगी बहनों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि इस वारदात को उनके ही पिता ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि दोनों बहनों के दो युवकों से अवैध संबंध थे, जिसे लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। पिता पहले ही दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज करा चुका था और बेटियों को कई बार चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ। घटना वाले दिन बहनों के पास मोबाइल मिलने के बाद विवाद और बढ़ गया, जिसके बाद गुस्से में पिता ने बेटियों को मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पिता की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
चित्रकूट में उस समय हड़कंप मच गया जब रेप का आरोपी कोर्ट परिसर से भागने की कोशिश में करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि आरोपी जमानत पर बाहर था और वारंट रद्द कराने के लिए कोर्ट में पेश हुआ था। इसी दौरान जैसे ही उसके खिलाफ हिरासत में लेने का आदेश सुनाया गया, वह घबराकर कोर्ट से भाग निकला। भागने के दौरान वह ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गया और वहां लगे बिजली के तारों को छू बैठा, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया। गंभीर हालत में उसे प्रयागराज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोएडा के चर्चित महर्षि आश्रम घोटाले में बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक घमासान सामने आया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों और जमीन सौदों के जरिए करोड़ों रुपये का खेल हुआ, जिसकी रिपोर्ट अब हाईकमान और जांच एजेंसियों तक पहुंच चुकी है।
रायबरेली के लालगंज क्षेत्र स्थित खजूर गांव में एक विवाहिता का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जबकि फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
महराजगंज के कोल्हुई क्षेत्र में NH-24 पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर के बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में हुए ओमकार हत्याकांड में पुलिस बैकफुट पर आ गई। अभी तक पुलिस ने चाहे कितने भी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हो लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि ओमकार की लाश कहां है? जो अभी तक पुलिस ढूंढ नहीं पाई हैं। इस हत्याकांड में गाजियाबाद पुलिस का बड़ा फेलियर दिखा है। जो सीधे-तौर पर यूपी पुलिस की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 12 जून तक सभी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) एनआईसी की वेबसाइट पर सरप्लस शिक्षकों की सूची अपलोड करेंगे। इसी सूची के आधार पर आगे की पूरी तबादला प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिन विद्यालयों में शिक्षक आवश्यकता से अधिक हैं, उन्हें पहले चिन्हित किया जाए और उनका समायोजन सही तरीके से किया जाए।
हापुड़ में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई है। एक अभ्यर्थी के पास मोबाइल मिलने के बाद दो सब-इंस्पेक्टर समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। पूरा मामला पिलखुआ के परीक्षा केंद्र का है, जहां मोबाइल को अधोवस्त्र में छिपाकर अंदर ले जाने का खुलासा हुआ।
कानपुर के कल्याणपुर इलाके में भाजपा नेत्री के घर हुई बड़ी चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोर सोते समय घर में घुसकर मोबाइल और 2 लाख रुपये लेकर फरार हो गया, पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है और पुलिस जांच जारी है।
Location : Lucknow/New Delhi
Published : 9 June 2026, 7:21 AM IST