
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रशासन द्वारा एक दिन पहले हटाई गई मस्जिद की जगह पर लगभग 10 से 15 फीट गहरा और 4 से 5 फीट गोलाई वाला एक पुराना कुआं मिलने से हड़कंप मच गया है। इस अप्रत्याशित खुलासे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है और कुएं की स्थिति तथा गहराई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बढ़ती उत्सुकता और चर्चा के बीच जिला प्रशासन ने इस पूरे मामले की आधिकारिक जांच कराने का फैसला किया है। पढ़ें पूरी खबर ...
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बहजोई क्षेत्र के मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल के दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। यह भीषण हादसा एक ट्राईसाइकिल सवार दिव्यांग को बचाने के प्रयास में हुआ, जब मौरंग-बालू से लदे अनियंत्रित डंपर ने ऑटो को रौंद दिया। पढ़ें पूरी खबर...
महराजगंज के नगरपालिका सिसवा कस्बे के वार्ड नम्बर पांच गांधी नगर के नारी टोला में शनिवार की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे मिट्टी और कीचड़ से सना एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा मिला। गनीमत रही कि सही समय पर लोगों की नजर पड़ गई और तत्परता से अस्पताल पहुंचाने के कारण नवजात को नया जीवन मिल सका।
कानपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ने के बीच व इलाकों में जलभराव के चलते सड़कों के आसपास मगरमच्छ दिखाई देने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वायरल वीडियो NRI सिटी के पास का बताया जा रहा है, जहां सड़क किनारे मगरमच्छ दिखाई देने के बाद राहगीरों के बीच हलचल मच गई। हालांकि डाइनामाइट न्यूज़ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बदायूँ के थाना इस्लामनगर क्षेत्र में पुलिस के 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत हुई मुठभेड़ में कुख्यात भैंस चोर शौकीन उर्फ शानू दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी के पास से एक तमंचा और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। उस पर चोरी के तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के पूरे बाबू गांव में चकरोड से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम के सामने भारी विरोध देखने को मिला। कार्रवाई के दौरान एक किसान के अचानक बेहोश हो जाने से हड़कंप मच गया और टीम को वापस लौटना पड़ा। इस मामले में लेखपाल की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
संभल जिले की गुन्नौर तहसील के ईशमपुर डांडा गांव में बदहाल सड़क विकास के दावों की पोल खोल रही है। यहां ग्रामीणों को अपने परिजनों की अर्थी भी कीचड़ भरे रास्तों से ले जाने को विवश होना पड़ रहा है। इस अमानवीय स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
ललितपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बहने वाली शहजाद नदी में मछली पकड़ने गए एक युवक के अचानक लापता होने से परिजनों में कोहराम मच गया है। नदी के तेज बहाव और गहराई के बीच युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे युवक की सघन तलाश की जा रही है।
बागपत कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्र वंदना चौक के पास हाइवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां डिवाइडर से टकराकर ईंटों से भरा एक अनियंत्रित ट्रक श्रद्धालुओं से भरी बस पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार 52 श्रद्धालुओं में से 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी श्रद्धालु राजस्थान के बागड़ धाम से दर्शन कर अपने घर वापस लौट रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पांचाल घाट चौकी क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर के नीचे युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच और हालात को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की मौत करंट लगने की वजह से हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति की घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। वह अपने लंबे प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव के साथ अब इस द्वीप समूह के प्रशासनिक कामकाज की कमान संभालेंगे।
मुज़फ्फरनगर के थाना छपार क्षेत्र के छपार गांव में एक हिंदू युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी समीर ने फोन कर युवती को अपने घर बुलाया था, जहां उसने सलमान और वलीम के साथ मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि राज्यमंत्री कपिल देव ने पीड़िता के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सख्त कानूनी कार्रवाई का पूरा आश्वासन दिया है।
उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के बल्लापुर गांव में दो पक्षों के बीच हुई खूनी मारपीट के दौरान सात वर्षीय मासूम रेशमा की दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि चाचा ने अपने बेटे रिजवान के साथ मिलकर बच्ची के सिर पर डंडों से ताबड़तोड़ वार किए थे। गंभीर हालत में अस्पताल में इलाज के दौरान रेशमा ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रिजवान को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।
Location : Lucknow
Published : 6 September 2026, 8:33 AM IST