UP LIVE News: एटा में डबल मर्डर से सनसनी, लखनऊ हिट एंड रन मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, पढ़ें एक क्लिक में सभी बड़ी खबरें

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 22 September 2026 , 1:28 PM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 22 Sep 2026 01:28 PM (IST)

      गोरखपुर के खजनी में सरकारी दावों की खुली पोल

      गोरखपुर के खजनी विकास खंड अंतर्गत सतुआभार ग्राम सभा की हरिजन बस्ती में सरकारी तंत्र के उदासीन रवैए से परेशान ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। विकास के तमाम दावों के बीच प्रशासनिक मदद का इंतजार किए बिना ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और श्रमदान के जरिए क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग खड़ंजे की मरम्मत कर एक अनूठी पहल की है।

    • 22 Sep 2026 01:27 PM (IST)

      बदायूं में बिजली चोरी के खिलाफ प्रवर्तन दल की कार्रवाई

      बदायूं में विद्युत चोरी की रोकथाम एवं हाई लाइन लॉस कम करने के लिए प्रवर्तन दल बदायूं द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत टीम ने दो स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। दोनों उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। प्रवर्तन दल के प्रभारी निरीक्षक शमशाद अली के नेतृत्व में अवर अभियंता हरीश कुमार व टीम ने 21 सितंबर को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम कऊआ नगला थाना कादरचौक निवासी ऊषा पत्नी जगदीश, लवकुश पुत्र जगदीश व जगदीश पुत्र महेश के घरेलू परिसर में कट लगाकर दो नीले रंग के तार जोड़कर बिजली चोरी किए जाने का मामला पकड़ा गया। यहां करीब 4.251 किलोवाट विद्युत चोरी पाई गई।

    • 22 Sep 2026 01:26 PM (IST)

      बदायूं के दातागंज में समझौता बैठक के दौरान खूनी संघर्ष

      बदायूं के दातागंज में पत्नी पक्ष के साथ चल रहे विवाद के दौरान बुलाई गई समझौता बैठक में बरेली से आए ससुराल वालों ने दामाद सौरभ गुप्ता और उनके भाई गौरव पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पिस्टल तानकर मारपीट की गई, सिर फोड़ा गया और सोने की चेन लूटी गई। पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

    • 22 Sep 2026 01:23 PM (IST)

      बरेली की सब्जी मंडी में दुकानदारों का विरोध प्रदर्शन

      बरेली की एलन क्लब सब्जी मंडी में ठेकेदार अब्दुल मुस्तफा द्वारा मनमाने ढंग से ताला डाले जाने से गुस्साए सब्जी विक्रेताओं ने मंगलवार को नगर निगम पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। दुकानदारों का आरोप है कि ठेकेदार निर्धारित 160 रुपये के बजाय 250 रुपये प्रतिदिन की अवैध वसूली कर रहा है, जिससे परेशान होकर उन्होंने ठेका तुरंत निरस्त करने की मांग उठाई है।

    • 22 Sep 2026 01:20 PM (IST)

      कानपुर में सड़क किनारे मिला सिर कटा शव, वीभत्स हत्या की आशंका

      कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के मकनपुर मार्ग पर मंगलवार को सड़क किनारे सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई जिसकी सूचना पुलिस को दी। युवक के धड़ से सिर गायब था आशंका हत्या की जताई जा रही है, पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन कर रही है।

    • 22 Sep 2026 11:56 AM (IST)

      प्रतापगढ़ में युवक की मौत पर भारी हंगामा

      प्रतापगढ़ में पट्टी कोतवाली में अर्जुन की संदिग्ध मौत के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। आक्रोशित परिजनों ने अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया है, जिससे मोलनापुर गांव को छावनी में बदल दिया गया है। वकीलों ने तहसील में तालाबंदी कर दी है और कई नेता हाउस अरेस्ट हैं। भारी दबाव के बीच पुलिस ने लड़की के परिजनों व दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    • 22 Sep 2026 11:01 AM (IST)

      देवरिया पुलिसकर्मियों को मिला उत्कृष्ट सेवा मेडल

      गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा घोषित सेवा पदकों के क्रम में गोरखपुर जोन के देवरिया जनपद में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले छह पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने पुलिस कार्यालय में निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों और मुख्य आरक्षियों को 'अति उत्कृष्ट' व 'उत्कृष्ट' सेवा मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

    • 22 Sep 2026 10:47 AM (IST)

      देवरिया में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही

      देवरिया में बिजली विभाग की लापरवाही से मुख्य खंभे से सौ मीटर दूर तक पतले केबल के सहारे सैकड़ों घरों में बिजली आपूर्ति हो रही है। सड़क किनारे बांस की बल्लियों पर टिके ये लटकते तार और जमीन को छूते केबल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

    • 22 Sep 2026 10:45 AM (IST)

      औरैया में एटीएम मशीन में पत्ती लगाकर रुपये चोरी करने की कोशिश

      औरैया के चमनगंज तिराहे पर स्थित इंडिया वन एटीएम में सोमवार शाम एक युवक ने मशीन के कैश डिस्पेंसर में पत्ती लगाकर रुपये फंसाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक की पूरी हरकत एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फ्रेंचाइजर सिराजुद्दीन ने मामले की सूचना तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को दी।

    • 22 Sep 2026 10:44 AM (IST)

      प्रतापगढ़ में चोर समझकर ग्रामीणों ने मंदबुद्धि युवक को पीटा

      प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र के दादूपुर दौलत बहोरीपुर गांव में हालिया चोरियों से परेशान ग्रामीणों ने एक मंदबुद्धि युवक को चोर समझकर पीट दिया। वह गांव में अकेला घूम रहा था और पूछताछ पर कुछ बता नहीं पाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पीआरवी 112 पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया।

    • 22 Sep 2026 10:05 AM (IST)

      निचलौल के कोहड़वल में फंदे से लटका मिला 40 वर्षीय मजदूर का शव

      महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र के कोहड़वल गांव के सिसवाडीह टोले में मंगलवार सुबह इंदल भारती का शव घर के बरामदे में सीढ़ी के पास लोहे की छड़ से लटका मिला। पत्नी ने शव देखा तो चीख-पुकार मच गई। मृतक के पीछे पत्नी और चार बच्चे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

    • 22 Sep 2026 10:05 AM (IST)

      चकिया में अनिल राजभर का बड़ा सियासी हमला

      चंदौली के चकिया में विमुक्ति दिवस कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने घुमंतू जातियों के लिए बोर्ड गठन को ऐतिहासिक पहल बताते हुए 2027 में 2017 से बड़ी सरकार बनाने का दावा किया।

    • 22 Sep 2026 10:03 AM (IST)

      बुढ़वा मंगल पर गूंजा जय हनुमान, पनकी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

      कानपुर के सुप्रसिद्ध पनकी पंचमुखी हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल की मध्यरात्रि मंगला आरती के साथ ही पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। "सीता-राम... जय हनुमान" के जयकारों के बीच दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में पूजा की थाली लिए भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर बजरंगबली के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

    • 22 Sep 2026 10:02 AM (IST)

      देवरिया में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का जोरदार प्रदर्शन

      देवरिया के गौरी बाजार विकासखंड के राम लक्षन से जुड़े दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खाता संचालन और धन निकासी को लेकर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान पीड़ित महिलाओं ने सीडीओ राजेश कुमार सिंह को एक शिकायती पत्र सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।

    • 22 Sep 2026 10:01 AM (IST)

      यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में गूंजेगा कौशाम्बी के मुंगौड़े का स्वाद

      कौशाम्बी के पारंपरिक स्वाद ‘मुंगौड़े’ को अब अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने जा रही है। एक जनपद एक व्यंजन (ODOP) योजना के तहत जिले के प्रसिद्ध मूंग आधारित व्यंजन मुंगौड़े का चयन उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में लाइव प्रदर्शन के लिए किया गया है। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले ट्रेड शो में कौशाम्बी के उद्यमी सौरभ गुप्ता, बेनीराम कटरा, विशेष स्टॉल लगाकर देश-विदेश से आने वाले मेहमानों के सामने लाइव मुंगौड़ा तैयार करेंगे।

       

    • 22 Sep 2026 09:59 AM (IST)

      मिर्जापुर में चोरी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

      मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ट्रेन में झारखंड आर्म्ड पुलिस की वर्दी में मिले एक व्यक्ति ने पीड़ित सत्यप्रकाश गौतम से दोस्ती की और घर आकर बक्से से चांदी की पायल चुरा ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

    • 22 Sep 2026 09:57 AM (IST)

      मिर्जापुर में पुलिस और एसओजी सर्विलांस टीम ने बड़ी कार्रवाई

      मिर्जापुर में पुलिस और एसओजी सर्विलांस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरकछा खुर्द के पास चेकिंग के दौरान एक इको स्पोर्ट कार से 50.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये है। आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर बांदा ले जा रहे थे।

    • 22 Sep 2026 09:54 AM (IST)

      लखनऊ हिट एंड रन के बाद पीड़िता को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

      लखनऊ के बहुचर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाहनवाज अली को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई लखनऊ पुलिस ने तीन टीमों का गठन कर आरोपी को दबोचा और वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर लिया है।अदालत ने आरोपी शाहनवाज को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

    • 22 Sep 2026 09:52 AM (IST)

      एटा में दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड

      उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अवागढ़ क्षेत्र स्थित यादव नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सोमवार देर रात एक पति ने अपने पिता के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी और सास की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने हथौड़े से चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस इस सनसनीखेज मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Location :  Lucknow

Published :  22 September 2026, 9:50 AM IST