
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
बरेली में किला नदी का उफान थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे किला छावनी और कर्मचारीनगर की कॉलोनियों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। हालात इतने गंभीर हैं कि लाजपतनगर के 98 में से 90 घरों पर ताले लटक चुके हैं और लोग रिश्तेदारियों या होटलों में शरण लेने को मजबूर हैं।
बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के रुदायन वार्ड एक में बकरी के बच्चे को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया, जहां दबंगों ने घर में घुसकर दिव्यांग प्रशिक्षु अधिवक्ता सुशील कुमार के परिवार पर लाठी-डंडों, ईंटों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में सुशील के माता-पिता, बहन और दिव्यांग भाई सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से कड़ी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है, जबकि प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।
मिर्जापुर में देवी-देवताओं के स्वरूप को सार्वजनिक मंचों पर मनोरंजन और पैसे कमाने का जरिया बनाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के निवासी विपिन कुमार मिश्र ने नगर मजिस्ट्रेट को प्रार्थना पत्र देकर ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के कृत्यों से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है।
Agra: जब इश्क परवान चढ़ता है तो न जाति की दीवारें नजर आती हैं और न ही अपनों की नाराजगी। नागपुर के रहने वाले और मथुरा रिफाइनरी में अधिकारी एक युवक और आगरा की एक युवती की प्रेम कहानी भी कुछ ऐसी ही शुरू हुई थी। रिफाइनरी में प्रशिक्षण के दौरान हुई यह मुलाकात धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई। युवती के सवर्ण परिवार वाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे, लेकिन प्रेमी जोड़े ने बगावत का रास्ता चुना। 20 अप्रैल 2007 को नोएडा के एक आर्य समाज मंदिर में ईश्वर को साक्षी मानकर दोनों ने सात फेरे ले लिए। शुरुआत में दुनिया की परवाह किए बिना शुरू हुई यह गृहस्थी बेहद खुशहाल थी।
मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र में 9 अक्टूबर की गौकशी की घटना में शामिल बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान फायरिंग करने पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सावेज नामक एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से तमंचा, चाकू, रस्सा और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।
सुलतानपुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने बिजली चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ में तीन घायलों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के पास से भारी मात्रा में अवैध उपकरण और चोरी से जुड़ी सामग्री बरामद की है। इस सनसनीखेज खुलासे से इलाके में हड़कंप मच गया है।
हाथरस पुलिस ने अपराध नियंत्रण और वैज्ञानिक विवेचना को प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वचालित फिंगर प्रिंट पहचान प्रणाली (NAFIS) के तहत सभी थानों के हैड मोहर्रिरों को मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी उपकरण वितरित किए हैं। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपकरणों का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
सुलतानपुर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में शनिवार, 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत सुलह-समझौते के आधार पर आपराधिक, दीवानी, वैवाहिक, बैंक वसूली और मोटर दुर्घटना जैसे विभिन्न लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वादकारियों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत दिलाना और उनके समय व धन की बचत करना है।
सुलतानपुर में स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो उद्बोधन की स्मृति में स्वदेशी जागरण मंच की ओर से शुक्रवार को दिग्विजय दिवस का आयोजन किया गया। विवेकानंद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्र निर्माण के संदेश को याद किया गया। इस दौरान सर्वेशा राज ने प्रांत सह प्रचार प्रमुख धर्मेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
देवरिया के सलेमपुर थाना क्षेत्र के सोहनाग मोड़ के पास शुक्रवार रात खुले में रखे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से शराब के नशे में गुजर रहे लगभग 35 वर्षीय युवक की झुलसकर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर भारी लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
हमीरपुर के मुस्करा क्षेत्र में गहरौली गांव निवासी माधव प्रसाद बाइक से घर जाते समय अचानक वाहन फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मुस्करा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।
मिर्जापुर में संगमोहाल के पास कॉलेज से लौट रही छात्राओं के साथ छेड़खानी करने वाले चार शोहदों- सूरज यादव, लालू यादव, चंद्रेश यादव और विवेक को पुलिस ने दबोच लिया है। छात्राओं ने सीधे सीओ सिटी अमित कुमार की गाड़ी रोककर अपनी आपबीती सुनाई थी, जिसके बाद कटरा कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
झांसी पुलिस ने चेकिंग के दौरान पहाड़पुरा नहर पुल के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8 किलो गांजा और एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
झांसी कोतवाली पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो बैंक पासबुक बरामद की हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी के खिलाफ दर्ज 11 शिकायतों में कुल 7.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला जुड़ा हुआ है।
कन्नौज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब उनकी बाइक डिवाइडर क्रॉस कर रही थी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Location : Lucknow
Published : 12 September 2026, 8:12 AM IST