
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
महराजगंज पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर एसपी शक्ति मोहन अवस्थी समेत अधिकारियों ने कर्तव्यपथ पर प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके सम्मान में मौन रखा गया। एसपी ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का सर्वोच्च बलिदान सदैव पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
रायबरेली में समाजसेवी अमिताभ पांडेय ने बताया कि रायबरेली की प्राचीन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने के उद्देश्य से सरजूपुर में वर्षों पुरानी रामलीला परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। श्री रामलीला समिति सरजूपुर की ओर से नौ दिनों तक भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन किया गया। बीते दिन लंका दहन की लीला का आयोजन हुआ, जबकि विजयादशमी पर रावण दहन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में बुधवार की देर रात एक झोपड़ी में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
देवरिया के मईल थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य विधिक कार्रवाई के लिए अस्पताल भेज दिया।
सुल्तानपुर में अहिमाने बाजार में विजयदशमी के अवसर पर नन्हे बच्चों ने करीब सात फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। बच्चों ने अपने उत्साह, मेहनत और रचनात्मकता से रावण का पुतला तैयार किया और पूरे उल्लास के साथ उसका दहन किया।
बस्ती में दुबौलिया थाना क्षेत्र के परखती स्थित बरुआ बाबा स्थान पर मंगलवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
फतेहपुर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित बिंदकी बस स्टॉप रोड पर बेखौफ बाइक सवार लुटेरों ने सरेशाम सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पति का इंतजार कर रही एक महिला का बदमाश मोबाइल और उसके कवर में रखे 700 रुपये लूटकर फरार हो गए। सरेआम हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है, और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
अम्बेडकरनगर जिले के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के लखनडीह गांव का एक 24 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। बताया जा रहा है कि वह कल मेला देखने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद आज सुबह उसका शव दूसरे गांव के बाहर बरामद हुआ। इस सनसनीखेज घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है।
बागपत जिले के खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में आयोजित भैंसा बग्गी रेस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार बग्गी मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में बग्गी पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
लखीमपुर खीरी जिले के थाना खीरी अंतर्गत ओयल कस्बे में चल रहे एक जागरण पंडाल के दौरान अचानक एक सांड के घुस जाने से भारी हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। इस अप्रत्याशित घटना में पंडाल में मौजूद बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत चिकित्सीय सहायता प्रदान की जा रही है।
कानपुर के नौबस्ता स्थित धरीपुरवा में दशहरा मेले के दौरान रावण दहन से ठीक पहले एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में गुब्बारों में गैस भरने वाला सिलेंडर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस दुर्घटना में एक 6 साल की मासूम बच्ची समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मेरठ के 'ड्रम कांड' जैसी खौफनाक वारदात सामने आई है। हाईवे किनारे बक्से में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस जांच से चौंकाने वाला सच सामने आया है। आठ साल से साथ रह रही पत्नी ही इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली। उसने मजदूरों की मदद से शव को ठिकाने लगाया था।
देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास बीती रात दो युवकों की निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों युवकों के खून से सने शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी है।
Location : Lucknow
Published : 21 October 2026, 11:00 AM IST