अचानक बिजली आपूर्ति होने से खंभे पर तार जोड़ रहे युवक ने तड़प-तड़प कर तोड़ दिया दम

कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के मदनापुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां बिजली लाइन का जम्फर जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़े युवक संदीप की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। काम के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बहाल होने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 July 2026, 6:37 PM IST

Kannauj: कन्नौज जिले के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के मदनापुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाईटेंशन बिजली लाइन पर तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

अचानक चालू हुई बिजली, गई जान

मृतक की पहचान मदनापुर निवासी संदीप, पुत्र राजाराम, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संदीप बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन का जम्फर जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई। हाईटेंशन लाइन में करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें - Kannauj News: घर के अंदर हुआ कुछ ऐसा… बाहर पेड़ से लटका मिला पति!

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही तिर्वा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

युवक की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली लाइन पर काम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

ये भी पढ़ें - Kannauj News: “कुछ पल पहले जो खेल रही थी…” रफ्तार के सौदागरों ने छीन ली 6 साल की मासूम की जिंदगी

Location :  Kannauj

Published :  10 July 2026, 6:37 PM IST