
बच्चों ने रैली निकालकर जगाई पर्यावरण की अलख (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जनपद में रविवार को "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ हुआ। 40 लाख पौधरोपण के लक्ष्य के साथ जिले भर में सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों, तालाबों, सार्वजनिक स्थलों और निजी भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाए गए।
मुख्य कार्यक्रम बरियारपुर नगर पंचायत में छोटी गंडक नदी के किनारे आयोजित हुआ, जहां प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विधि-विधान से पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। उनके साथ रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - Deoria: तिनके की तरह बहा ‘कोडर बनकटिया बंधा’, गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू हुआ "एक पेड़ मां के नाम" अभियान जनआंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष 40 करोड़ और देवरिया में 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने लोगों से गांव, खेत, बगीचे, मंदिर, तालाब और सड़क किनारे अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि फलदार वृक्षों की संख्या बढ़ाने से पर्यावरण संरक्षण के साथ पोषण सुरक्षा भी मजबूत होगी। आम, कटहल, सहजन और आंवला जैसे पौधों को अधिक लगाने पर जोर देते हुए उन्होंने "हर खेत में मेड़ और हर मेड़ पर पेड़" की परंपरा को फिर से अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, किसानों और अंत्योदय कार्डधारकों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए। स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
ये भी पढ़ें - Deoria: चोरी के शक में नाबालिग से अमानवीय व्यवहार का आरोप, परिजनों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
जिले के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, ग्राम सचिवालयों, चारागाहों और तालाबों के तटबंधों पर भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। अभियान में आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी निजी भूमि पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
Location : Deoria
Published : 12 July 2026, 3:55 PM IST