यूपी में मानसून पर लगा ब्रेक: महराजगंज में 130mm की रिकॉर्ड बारिश के बाद थमे बादल, अब गर्मी बढ़ाएगी आफत

उत्तर प्रदेश में मानसून पर ब्रेक लग गया है। महराजगंज में सबसे अधिक 130 मिमी बारिश के बाद अब पूरे प्रदेश में पछुआ हवाओं के कारण उमस और तापमान बढ़ गया है, जिससे किसान परेशान हैं। मौसम विभाग ने 18 जुलाई से दोबारा येलो अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 July 2026, 8:32 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून का मिजाज अचानक बदल गया है। जहां एक तरफ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उमस और चटक धूप ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ महराजगंज जिले में कुदरत का अलग ही रूप देखने को मिला। IMD के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में महराजगंज में प्रदेश की सबसे सर्वाधिक 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

इस भारी बारिश ने जहां महराजगंज को पानी-पानी कर दिया, वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में अब मानसून थमता हुआ नजर आ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पछुआ हवाओं के प्रभावी होने के कारण आने वाले कुछ दिनों तक भारी बारिश के आसार बेहद कम हैं।

आसमान से बरसेगी आग

उत्तर प्रदेश के वायुमंडल में इस समय पछुआ हवाएं सक्रिय हो गई हैं। इन शुष्क हवाओं के कारण मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। IMD ने मंगलवार के लिए प्रदेश के किसी भी हिस्से में भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

ये भी पढ़ें: Weather Update: यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश के बीच मानसून ने बदला मिजाज, नये बदलाव जानकर आप भी होंगे चिंतित

राजधानी लखनऊ समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को हल्के बादल जरूर छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की उम्मीद न के बराबर है। धूप निकलने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

17 जुलाई के बाद बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, गर्मी और उमस का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं खिंचेगा। 17 जुलाई के बाद एक बार फिर हवाओं का रुख बदलेगा और 'पुरवा हवाएं' चलना शुरू होंगी। पुरवा हवाओं के सक्रिय होते ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी उत्तर प्रदेश के आसमान पर बादल पैदा करेगी, जिससे मानसून दोबारा एक्टिव हो जाएगा।

ये भी पढ़ें: मानसून की लुकाछिपी के बीच 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर आफत तो दिल्ली में उमस; जानें अपने शहर के मौसम का हाल

इन दिनों देखने को मिलेगा मौसम में बड़ा बदलाव

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 18 और 19 जुलाई से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इसके लिए आईएमडी ने 18 जुलाई से राज्य के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है।

Location :  Lucknow

Published :  14 July 2026, 8:32 AM IST