UP MLC Election 2026: यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर आज मतगणना, सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर मंगलवार 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के वोट लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में गिने जाएंगे। जानिए सभी मतगणना केंद्रों की पूरी जानकारी...

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 October 2026, 7:29 AM IST
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर आज फैसला होने जा रहा है। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुए चुनाव के बाद मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को वोटों की गिनती होगी। मतगणना को लेकर निर्वाचन विभाग ने सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं। प्रदेश के सात जिलों में बनाए गए केंद्रों पर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी।

सात जिलों में बनाए गए मतगणना केंद्र

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव की मतगणना के लिए लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। सभी सीटों पर मतगणना संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशन में कराई जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतगणना को सुचारु, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए प्रेक्षक भी तैनात रहेंगे।

लखनऊ और वाराणसी में यहां गिने जाएंगे वोट

लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर-07 में होगी। वहीं, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोट हॉल नंबर-08 में गिने जाएंगे। वाराणसी में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के हॉल नंबर-01 में कराई जाएगी। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती इसी परिसर के हॉल नंबर-02 में होगी।

आगरा और मेरठ में भी पूरी तैयारी

आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के वोट नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, टूंडला रोड के हॉल नंबर-01 में गिने जाएंगे। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हॉल नंबर-02 निर्धारित किया गया है। मेरठ में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गांधी हॉल बिल्डिंग के हॉल-B में होगी। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोट हॉल-A में गिने जाएंगे।

झांसी, बरेली और गोरखपुर में भी होगी मतगणना

इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना झांसी के बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज स्थित कोठारी हॉल के हॉल नंबर-01 में होगी। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोट बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल के हॉल नंबर-01 में गिने जाएंगे। वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना गोरखपुर विश्वविद्यालय की कॉमर्स बिल्डिंग के हॉल नंबर-01 और हॉल नंबर-02 में कराई जाएगी।

प्रेक्षकों की निगरानी में पूरी होगी प्रक्रिया

निर्वाचन विभाग के मुताबिक, मतगणना के दौरान संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर पूरी प्रक्रिया का संचालन करेंगे। इसके साथ ही प्रेक्षक भी निगरानी रखेंगे, ताकि वोटों की गिनती निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके। अब सभी की नजर मतगणना के नतीजों पर है, जिनसे विधान परिषद की इन 11 सीटों पर चुनावी तस्वीर साफ होगी।

 

Location :  Lucknow

Published :  27 October 2026, 6:58 AM IST