
मैनपुरी में आस्था का महासंगम (Img: Dynamite News)
Mainpuri: सावन माह के पहले सोमवार पर जनपद मैनपुरी शिवमय हो गया। जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु हाथों में गंगाजल, फल, फूल, बेलपत्र, धतूरा और पूजन सामग्री लेकर लंबी-लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। पूरे जिले में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
मैनपुरी के प्रसिद्ध चन्देश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। महिलाओं, युवाओं और बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
ये भी पढ़ें - Mainpuri: अपराधियों में खौफ! पुलिस का ‘ऑपरेशन ऑल आउट’, एक साथ 27 आरोपी सलाखों के पीछे
सावन के पहले सोमवार पर जिले में कांवड़ियों का भी विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न मार्गों से शिवालयों तक पहुंच रहे कांवड़ियों ने गंगाजल अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवकों द्वारा व्यवस्थाएं की गईं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मैनपुरी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ध्यान रखा।
ये भी पढ़ें - Mainpuri: दिनदहाड़े बड़ी वारदात; परिवार बाहर गया और पीछे से चोरों ने कर दिया हाथ साफ, लाखों का माल पार
सावन के पहले सोमवार पर पूरे जनपद में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवालयों में दिनभर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा तथा श्रद्धालु भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर अपने घरों को लौटे।
Location : Mainpuri
Published : 3 August 2026, 11:41 AM IST