
यूपी की सभी बड़ी खबर (Img: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 22 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
22 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
महराजगंज जिले के सिसवा बाजार में सावन के अंतिम सोमवार के उपलक्ष्य में शिवभक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। ग्राम सभा हरपुर पकड़ी स्थित प्रसिद्ध बउरहवा बाबा के जलाभिषेक के लिए शनिवार को सिसवा रेलवे स्टेशन से कांवड़ियों का विशाल जत्था नेपाल के त्रिवेणी धाम के लिए रवाना हुआ। "बोल-बम" के जयकारों और गाजे-बाजे के साथ पूरा कस्बा भक्तिमय हो गया।
फतेहपुर के थरियांव में नेशनल हाईवे-19 पर बड़ा हादसा टल गया। प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रहा एक हाइड्रोजन टैंकर हाईवे किनारे खड़े कंटेनर ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर 200 मीटर तक घिसट गया। पुलिस और ग्रामीणों ने केबिन काटकर फंसे चालक को बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड की तत्परता से कोई बड़ा विस्फोट होने से बच गया।
रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र स्थित पूरे बनपुरवा (मजरे टेकरी दादू) गांव में आज सुबह एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगा ली। युवक का शव गांव के बाहर नीम के पेड़ से लटका मिला। बताया जा रहा है कि मृतक राजू पाल मानसिक बीमारी से ग्रसित था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ठोकरा गांव की एक महिला ने गांव के ही युवक जसीम पर अपने घर से नगदी व जेवरात चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि बहाई चौकी इंचार्ज के पास शिकायत लेकर जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला ने पुलिस पर कार्रवाई न करने और पक्षपात का गंभीर आरोप लगाया है।
रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र स्थित पूरे रजऊ (मजरे नसीरनपुर) गांव में अचानक कच्ची कोठरी गिर गई। हादसे में बुजुर्ग दम्पत्ति मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। महिला का उपचार जारी है। घटना से परिजनों में मातम छाया है।
काशी यात्रा के दौरान जापान के राजदूत ओनो केइची सुल्तानपुर पहुँचकर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह से मुलाकात करेंगे। इस दौरान सुल्तानपुर को जापान से जोड़ने, जिले में निवेश की संभावनाओं और विकास परियोजनाओं पर मंथन होगा। बैठक में स्थानीय उद्योग, कौशल विकास, कृषि और तकनीकी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मिर्जापुर जिले के कछवाँ स्थित महामलपुर फीडर पर बिजली चालू छोड़कर बेफिक्र सोते तीन कर्मचारियों का वीडियो वायरल हुआ है। उपभोक्ता जब पावर हाउस पहुंचे, तब भी कर्मचारियों को भनक तक नहीं लगी। इस घटना से विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, जिससे विभाग की लापरवाही उजागर हुई है।
उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। झाँसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का तबादला मेरठ किया गया है, जबकि बलरामपुर के एसपी विकास कुमार को झाँसी का नया एसएसपी बनाया गया है। 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास कुमार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और बी.टेक इंजीनियर हैं।
झाँसी मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने आगासोद-बीना रेलखंड का निरीक्षण कर तीसरी लाइन परियोजना और आगामी नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने 15 अक्टूबर 2026 तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, डीआरएम ने तालबेहट के पास अनधिकृत आवागमन रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय करने के निर्देश देते हुए रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
नेशनल हाईवे-27 पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास सड़क के गड्ढे में बाइक जाने से भांडेर निवासी जुबेदा उछलकर सड़क पर गिर गईं। वह अपने पति इस्माइल के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने एटा जा रही थीं। हादसे के बाद उन्हें तुरंत मोठ ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से हाईवे प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सावन के महीने में ओरछा तिगैला से सिद्धेश्वरनाथ मंदिर तक निकली कांवड़ यात्रा में हजारों श्रद्धालु उमड़े। जिलाधिकारी और एसएसपी ने जमीन पर, तो मंडलायुक्त व आईजी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए झाँसी पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे यात्रा मार्ग पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
झाँसी-कानपुर हाईवे (NH-27) पर जौंरा ओवरब्रिज के पास अन्ना बछड़े से टकराकर पूंछ निवासी 28 वर्षीय रामसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। 112 पुलिस ने उसे मोठ ट्रामा सेंटर पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सड़क के गड्ढे और बेसहारा पशु हाईवे पर लगातार हादसों का सबब बने हुए हैं।
झाँसी की मोठ तहसील स्थित कांडोर गांव में पिछले दो महीनों से बिजली की भारी समस्या बनी हुई है। सूरज ढलते ही आधे से ज्यादा गांव अंधेरे में डूब जाता है। गर्मी और मच्छरों के कारण ग्रामीणों का रात में सोना मुहाल हो गया है। परेशान लोगों ने बिजली कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से जांच की मांग की है।
Location : Lucknow
Published : 22 August 2026, 9:43 AM IST