UP Investment: मेरठ को मिली 2900 करोड़ से अधिक के निवेश की सौगात, हजारों युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में 2,900 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित होने वाली बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमिनियम बेवरेज कैन मैन्युफैक्चरिंग इकाई का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, परियोजना से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार के पार पहुंच गई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 November 2026, 7:46 PM IST

Lucknow/Meerut: खेल सामग्री के उत्पादन के लिए दुनियाभर में पहचान रखने वाला मेरठ अब एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का नया केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में बॉल कॉर्पोरेशन की नई मैन्युफैक्चरिंग इकाई का शिलान्यास किया। 2,900 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित होने वाली इस फैक्ट्री में एल्युमिनियम बेवरेज कैन का उत्पादन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। साथ ही स्थानीय उद्योगों और कारोबारियों के लिए भी नए अवसर पैदा होंगे।

मेरठ बनेगा एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का हब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बॉल कॉर्पोरेशन की नई इकाई स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबारियों के लिए नए अवसर लेकर आएगी। खेल सामग्री के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध मेरठ अब आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की कनेक्टिविटी मेरठ को औद्योगिक निवेश के लिए महत्वपूर्ण बनाती है।

उन्होंने सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के नए प्लांट और ताइवान की क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर हुए संवाद का भी जिक्र किया।

साढ़े नौ साल में 21 हजार से ज्यादा नई फैक्ट्रियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश में करीब 14 हजार फैक्ट्रियां थी, जबकि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 21 हजार से अधिक नई फैक्ट्रियां स्थापित हुई हैं। अब प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 35 हजार के पार पहुंच चुकी है।

प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Image: Dynamite News)

सीएम योगी के मुताबिक, वर्ष 2017 के मुकाबले प्रदेश का बजट, जीएसडीपी, प्रति व्यक्ति आय और महिला श्रम बल भागीदारी तीन गुना हो चुकी है। उत्तर प्रदेश देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।

उन्होंने बताया कि देश की 55 प्रतिशत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है।

15 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतरा

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। आगामी इन्वेस्टर्स समिट में 7.50 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां, 25 हजार से अधिक स्टार्टअप्स और 27 आधुनिक आईएमएलसी क्लस्टर्स औद्योगिक विकास को गति दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन से स्थानीय एमएसएमई के साथ कारोबार बढ़ाने, युवाओं के कौशल विकास और पर्यावरण अनुकूल मैन्युफैक्चरिंग में सहयोग करने का आग्रह किया। इस अवसर पर कंपनी के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, डायरेक्टर अजीत शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Lucknow

Published :  25 November 2026, 7:46 PM IST