UP HomeGaurd Exam: एएसपी ने केंद्र पर पहुंचकर परखी सुरक्षा

अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने जनपद के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम का जायजा लिया। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए एएसपी ने यातायात पुलिस को भी सक्रिय रहने को कहा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 April 2026, 1:01 PM IST
Balrampur:  उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
सोमवार को परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने सबसे पहले केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम की सक्रियता जांची। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की सुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

अभ्यर्थियों की सघन तलाशी

केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जाए। साथ ही, परीक्षा हॉल के भीतर और बाहर सुरक्षा घेरा मजबूत रखने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी बाहरी हस्तक्षेप की गुंजाइश न रहे।
अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए एएसपी ने यातायात पुलिस को भी सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि केंद्रों के बाहर भीड़ जमा न होने दें और आवागमन के रास्तों को सुचारू रखें ताकि परीक्षार्थियों को समय पर पहुंचने में कोई बाधा न आए।

पुलिस को सर्तकता के निर्देश

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को हिदायत दी गई कि वे पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के लिए कहा गया है।

Location :  Balrampur

Published :  27 April 2026, 12:16 PM IST