
26 जिलों में लू चलने की चेतावनी (Image Source: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, जिसके चलते आगामी चार से पांच दिनों के दौरान तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा सकती है। कई जिलों में ऊष्ण लहर (हीट वेव) की स्थिति बनने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश के भी आसार बने रहेंगे, लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के 26 जिलों में लू चलने की संभावना है। इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर शामिल हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया जा सकता है। शुक्रवार को लू प्रभावित जिलों की संख्या बढ़कर 45 से अधिक हो सकती है। खासतौर पर अवध क्षेत्र के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ चुनिंदा जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के ऊपर रह सकता है।
गोरखपुर : ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हवाओं के असर से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद गर्मी का असर बना रहा। राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा।
प्रदेश में प्रयागराज सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे एक दिन पहले भी प्रयागराज 44 डिग्री तापमान के साथ देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल था।
वाराणसी में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सोनभद्र और झांसी में 42-42 डिग्री, बांदा में 41 डिग्री तथा हमीरपुर में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
Location : Prayagraj
Published : 18 June 2026, 7:48 AM IST