UP Assembly Election 2027: 131 सीटें मांगने पर सपा को कष्ट नहीं, तो 26 पर कांग्रेस को क्यों? रमाशंकर राजभर का पलटवार

उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच सपा सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने कांग्रेस की 131 सीटों की मांग पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें देने और बातचीत से समाधान निकालने की बात कही। इसके साथ ही सांसद ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तंज कसते हुए भाजपा पर आरोप लगाए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 6:26 PM IST

Deoria News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर जारी बातचीत के बीच सलेमपुर से सपा सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी का बयान सामने आया है। उन्होंने कांग्रेस की 131 सीटों की मांग और समाजवादी पार्टी की ओर से 26 सीटों के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया कि जब कांग्रेस की मांग पर समाजवादियों को कोई कष्ट नहीं हुआ, तो सपा के प्रस्ताव पर कांग्रेस को परेशानी क्यों हो रही है? हालांकि, सांसद ने दोनों दलों के बीच बातचीत से समाधान निकलने और कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें मिलने की बात भी कही। इसके अलावा उन्होंने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और भाजपा पर भी निशाना साधा।

कांग्रेस को मिलेंगी सम्मानजनक सीटें: रमाशंकर राजभर

सपा सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी ने कहा कि उनके आकलन के मुताबिक उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की क्षमता है, लेकिन पार्टी 130 से अधिक सीटों की मांग कर रही है। ऐसे में समाजवादी पार्टी ने भी 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है।

उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे के लिए दोनों राजनीतिक दलों की कमेटियां गठित हैं। आपसी बातचीत के माध्यम से इस मुद्दे का समाधान निकाल लिया जाएगा। सांसद ने कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें देने की बात कहते हुए गठबंधन बनाए रखने पर जोर दिया।

अखिलेश यादव और राहुल गांधी (Image: X)

रमाशंकर राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में हराना होना चाहिए।

इमरान मसूद की टिप्पणियों पर भी दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता इमरान मसूद की सीट बंटवारे को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी सपा सांसद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मध्य प्रदेश और हरियाणा में समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस के पुराने राजनीतिक व्यवहार का जिक्र किया।

सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी बड़े भाई की भूमिका में होने के बावजूद कांग्रेस को सीटें देने का प्रस्ताव कर रही है। उन्होंने सीटों को लेकर जारी मतभेदों के बीच दोनों दलों की कमेटियों के स्तर पर बातचीत से समाधान निकलने की बात कही।

धीरेंद्र शास्त्री पर कसा तंज, भाजपा पर लगाया आरोप

बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर बाबा रामदेव की कथित टिप्पणी पर भी रमाशंकर राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कुंडा में आयोजित यज्ञ का जिक्र करते हुए कहा कि वहां मंच से धीरेंद्र शास्त्री की प्रशंसा की गई थी, लेकिन बाद में उनकी आलोचना की गई।

सपा सांसद ने धीरेंद्र शास्त्री के प्रेत बाधा दूर करने और पर्ची निकालने के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे दावे करने वाले व्यक्ति को दुर्घटनाओं, होटलों में आग लगने, प्राकृतिक आपदाओं और चीन की ओर से सैनिकों की घुसपैठ जैसी घटनाओं के बारे में पहले ही जानकारी देनी चाहिए थी।

रमाशंकर राजभर ने भाजपा पर धीरेंद्र शास्त्री जैसे लोगों का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि भाजपा को धीरेंद्र शास्त्री को कैबिनेट मंत्री बनाकर स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दे देनी चाहिए, ताकि किसी को इंजेक्शन और दवा की जरूरत ही न पड़े।

Location :  Deoria News

Published :  24 November 2026, 6:26 PM IST